श्री अवध डाटकाम 9839627223
रिपोर्ट - दिलीप सिंह
गोंडा :-- जिले की इटियाथोक पुलिस ने झपटमारी की घटना का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से चार हजार रुपये नकद, एक मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त अपाचे मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार पड़री पारासराय निवासी राजकुमार ने तहरीर देकर बताया था कि वह ईंट-भट्ठे पर मजदूरी करता है। 28 जुलाई को भट्ठा मालिक से पांच हजार रुपये लेकर साइकिल से घर लौट रहा था। तिर्रेमनोरमा के पास अपाचे मोटरसाइकिल पर सवार दो युवकों ने उसकी शर्ट की जेब से रुपये और मोबाइल झपट लिया और फरार हो गए। तहरीर के आधार पर इटियाथोक थाने में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
एसपी विनीत जायसवाल के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत इटियाथोक पुलिस ने तिर्रेमनोरमा-गोण्डा मार्ग से महेश सोनी और कून पासवान को गिरफ्तार कर लिया। दोनों थाना खरगूपुर क्षेत्र के कंचनपुर फरेन्दा शुक्ल गांव के रहने वाले हैं।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चार हजार रुपये नकद, एक मोबाइल फोन तथा घटना में प्रयुक्त अपाचे मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

0 Comments