सावन के स्वागत सोमवार पर श्री गौरीशंकर धाम में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

           श्री अवध डाटकाम   9839627223

सुजानगंज/ जौनपुर :- स्थानीय क्षेत्र के श्री गौरीशंकर धाम पर सावन स्वागत सोमवार के अवसर पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। आषाढ़ माह के अंतिम सोमवार जिससे सावन माह का प्रथम सोमवार मानकर लोग पूरे श्रद्धा के साथ भूत भावन भगवान भोलेनाथ की पूजा करते हैं। श्री गौरीशंकर धाम मंदिर परिसर में सुबह से ही श्रद्धालु हर हर महादेव के गगन भेदी उद्घोष के साथ पंक्तिबद्ध होकर भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किए। भक्तों ने पूरे विधि-विधान से बेलपत्र, भांग, धतूरा और पुष्प के साथ पवित्र शिवलिंग पर जलाभिषेक व दुग्धाभिषेक कर बाबा का आशीर्वाद लिया तथा मंदिर परिसर में स्थापित समस्त देवी-देवताओं का दर्शन-पूजन कर अपने परिवार की सुख, शांति और समृद्धि की मंगल कामना की।

श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन और मंदिर प्रबंधन पूरी तरह अलर्ट नजर आया। पुलिस बल द्वारा सुरक्षा व्यवस्था के कड़े इंतजाम किए गए थे, ताकि कोई अप्रिय घटना न हो।

वहीं, व्यवस्थाओं को सुचारू रूप से चलाने के लिए मंदिर समिति के अध्यक्ष सुधीर मणि त्रिपाठी सहित समिति के सभी पदाधिकारियों ने श्रद्धालुओं की सुविधा पर पैनी नजर बनाए रखा। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा का विशेष ध्यान रखते हुए मंदिर परिसर की निरंतर निगरानी की जा रही है, ताकि भक्तों को दर्शन-पूजन में किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

Post a Comment

0 Comments