श्री अवध डाटकाम 9839627223
रिपोर्ट - विजय बाजपेयी
नानपारा/बहराइच :-- जिले के खैरीघाट थाना क्षेत्र के बेलामकन गांव में शुक्रवार दोपहर में आबादी के पास स्थित एक कुएं में विशालकाय मगरमच्छ गिरने की सूचना से हड़कंप मच गया। ग्रामीणों की सूचना पर नानपारा रेंज के वन दरोगा बृजेश वर्मा वन विभाग की टीम के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू अभियान शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद वन विभाग की टीम ने करीब 10 फीट लंबे मगरमच्छ को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। वन दरोगा ने बताया कि उच्चाधिकारियों के निर्देश पर मगरमच्छ को कतर्नियाघाट वन प्रभाग के महादेव ताल में सुरक्षित छोड़ दिया गया है। वन विभाग ने वर्षाकाल को देखते हुए लोगों से नदी, नाला, नहर और तालाब आदि जलस्रोतों के किनारे अकेले न जाने तथा विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। संवेदनशील क्षेत्रों में मगरमच्छ के हमले से बचाव को लेकर पोस्टर लगाने के साथ ही जन जागरूकता अभियान चलाकर ग्रामीणों को भी जागरूक किया जा रहा है।

0 Comments