जौनपुर :-- जिले के शाहगंज तहसील परिसर में शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया जब 10 हजार रुपए रिश्वत लेते हुए चकबंदी कानूनगो को विजिलेंस टीम ने रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।जिसको लेकर सरकारी कर्मचारी दिन भर कानाफूसी करते नजर आए। मिली जानकारी के अनुसार, खुटहन थाना क्षेत्र के रसूलपुर गांव निवासी मान सिंह ने चकबंदी से संबंधित एक आपत्ति शाहगंज स्थित चकबंदी कार्यालय में दाखिल की थी। आरोप है कि मामले में उनके पक्ष में अनुकूल रिपोर्ट लगाने के लिए चकबंदी कानूनगो अनिल कुमार ने 10 हजार रुपये रिश्वत मांगी। रिश्वत की मांग से परेशान शिकायतकर्ता ने इसकी सूचना सतर्कता अधिष्ठान वाराणसी को दी। शिकायत मिलने के बाद विजिलेंस टीम ने गोपनीय जांच कराई, जिसमें आरोप प्रथम दृष्टया सही पाया गया। इसके बाद अधिकारियों ने सुनियोजित तरीके से ट्रैप की योजना बनाई।
शुक्रवार को जैसे ही शाहगंज तहसील परिसर के मुख्य गेट पर शिकायतकर्ता ने आरोपी कानूनगो को 10 हजार रुपये दिए, पहले से घात लगाए बैठी विजिलेंस टीम ने उसे रंगे हाथ दबोच लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को अपने साथ ले जाकर पूछताछ शुरू कर दी गई। सतर्कता अधिष्ठान ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
विजिलेंस अधिकारियों ने आम जनता से अपील करते हुए कहा कि यदि कोई भी सरकारी अधिकारी या कर्मचारी किसी कार्य के बदले रिश्वत की मांग करता है तो उसकी शिकायत सतर्कता अधिष्ठान से करें। शिकायत मिलने पर गोपनीय जांच के बाद दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।

0 Comments