श्री अवध डाटकाम  9839627223

रिपोर्ट - विजय बाजपेयी 

----------------------------------

​नानपारा/बहराइच। विकास खंड शिवपुर क्षेत्र के ग्राम पंचायत इंटहा से स्वच्छता अभियान को ठेंगा दिखाने वाली एक बेहद चिंताजनक तस्वीर सामने आई है। गांव में चारों तरफ फैली गंदगी, बज बजाती नालियां और प्राथमिक विद्यालय के ठीक सामने लगा कूड़े का ढेर स्थानीय प्रशासन और दावों की पोल खोल रहा है। ग्रामीणों का जीना मुहाल हो चुका है और गांव पर गंभीर बीमारियों का खतरा मंडरा रहा है।

​प्राथमिक विद्यालय के ठीक सामने मुख्य रास्ते पर कूड़े-कचरे का भारी ढेर लगा हुआ है। स्कूल की दीवारों पर लिखे नारे और निर्देश इस गंदगी के ठीक पीछे बेअसर साबित हो रहे हैं। इसी रास्ते से होकर छोटे-छोटे बच्चे सहित ग्रामीण आने जाने को मजबूर हैं, जिससे उनके स्वास्थ्य पर सीधा खतरा बना हुआ है।

गांव के मुख्य मार्गों की बदहाली को बयां करती हैं नालियां पूरी तरह से चोक (जाम) हो चुकी हैं, जिसके कारण नालियों का काला और बदबूदार पानी सड़कों पर खुलेआम बह रहा है। कई जगहों पर जलभराव की स्थिति बन गई है, जिससे ​ग्रामीणों और राहगीरों को आने-जाने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ​सड़कों के किनारे कीचड़ और सड़न की वजह से मच्छरों का प्रकोप तेजी से बढ़ रहा है।

​संक्रामक और गंभीर बीमारियां फैलने का अंदेशा हर पल बना रहता है।ग्रामीणों का आरोप है कि गांव में सफाई व्यवस्था बनाए रखने के लिए नियुक्त सफाईकर्मी ड्यूटी से पूरी तरह नदारद रहते हैं। महीनों से नालियों की सफाई न होने के कारण यह नौबत आई है। जिससे स्थानीय निवासियों में भारी नाराजगी है। ​ग्रामीणों की मांग है कि तत्काल प्रभाव से गांव में सफाई अभियान चलाया जाए, जाम नालियों को खुलवाया जाए और लापरवाही बरतने वाले सफाईकर्मी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।