नानपारा/बहराइच :-- नानपारा कोतवाली क्षेत्र के अलग-अलग गांवों से दो बालिकाएं लापता हो गई। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर दोनों की तलाश शुरू कर दी है। पहले मामले में कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी पिता ने पुलिस को बताया कि 31 मई को उनकी 16 वर्षीय बेटी को एक महिला ने बहला-फुसलाकर एक युवक के साथ भगा दिया। काफी खोजबीन के बाद भी बेटी का पता न चलने पर पिता ने महिला और युवक के खिलाफ नामजद तहरीर दी है।दूसरे मामले में एक गांव की मां ने 18 मई को अपनी 15 वर्षीय बेटी के बिना बताए घर से चले जाने की शिकायत दर्ज कराई। परिजनों ने हर जगह तलाश की, लेकिन किशोरी का कोई सुराग नहीं मिला।
सीओ पहुप सिंह ने बताया कि दोनों मामलों में परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। किशोरियों की बरामदगी के लिए पुलिस टीमें गठित कर दी गई हैं। सर्विलांस और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच की जा रही है।

0 Comments