श्री अवध डाटकाम 9839627223
सुजानगंज/जौनपुर :- जिले में ओएलएक्स और एनिमल जैसे आनलाइन ऐप के द्वारा लोगों से ठंगी, बंधक बनाकर मारपीट एवं जबरन धन वसूली करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए सुजानगंज पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
मिली जानकारी के के अनुसार, मिर्जापुर जनपद के लालगंज थाना क्षेत्र स्थित कठवार गांव निवासी नमन पुत्र दीप सिंह ने Animal App पर भैंस बिक्री का एक विज्ञापन देखा इसके बाद ठगों से संपर्क होने पर उन्हें पशु खरीदने के लिए 5 जून को जौनपुर के नौपेड़वा बुलाया गया। नौपेड़वा पहुंचने के बाद ठग पीड़ितों को पहले हरिपुर ले गए और फिर सुजानगंज थाना क्षेत्र के सुल्तानपुर गांव स्थित एक सुनसान स्थान पर ले जाकर बंधक बना लिया। इस दौरान पीड़ित दीप सिंह अपने सहयोगी चन्द्र शेखर के साथ मौजूद थे। आरोप है कि ठगों ने मारपीट करते हुए दीप सिंह के मोबाइल से करीब 79 हजार रुपये तथा चन्द्रशेखर के मोबाइल से लगभग 62 हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर करा लिए। घटना के बाद पीड़ितों ने सुजानगंज थाने में लिखित तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। तहरीर के आधार पर थाना प्रभारी अमित कुमार पांडेय ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी।
पुलिस ने बताया कि 10 जून को इस गिरोह के सरगना समेत दो शातिर अपराधियों को सुजानगंज और सिकरारा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। वहीं गुरुवार को गिरोह के तीसरे सदस्य सुनील प्रजापति(30) पुत्र राम तीरथ प्रजापति निवासी उटरू खुर्द थाना बक्शा जिला जौनपुर को हरिपुर बाजार के पास से गिरफ्तार कर लिया गया।
थानाध्यक्ष अमित पांडेय ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी को आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।

0 Comments