यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा में सॉल्वर दिलाने के नाम पर ठगी करने वाले सरगना सहित दो गिरफ्तार


      श्री अवध डाटकाम  9839627223

जौनपुर :-- उत्तर प्रदेश एसटीएफ को यूपी पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा-2025 में अभ्यर्थियों को परीक्षा पास कराने के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। एसटीएफ ने गिरोह के सरगना राजू कुमार मांझी और उसके सक्रिय साथी छोटे लाल यादव को जौनपुर जिले के मुंगराबादशाहपुर क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। एसटीएफ के अनुसार आरोपी अभ्यर्थियों को पुलिस भर्ती समेत अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में पास कराने, नकल कराने और सॉल्वर उपलब्ध कराने का झांसा देकर मोटी रकम वसूलते थे। पूछताछ में राजू मांझी ने स्वीकार किया कि वह अपने साथियों के साथ मिलकर उम्मीदवारों से प्रवेश पत्र और अन्य दस्तावेज लेकर उनसे पैसे वसूलता था।

गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से 21 प्रवेश पत्रों की प्रतियां, दो मोबाइल फोन, तीन चेक की प्रतियां, तीन आधार कार्ड की प्रतियां, चार अंकपत्रों की प्रतियां और 13 व्हाट्सएप चैट की प्रतियां बरामद हुई हैं। एसटीएफ को सूचना मिली थी कि गिरोह भर्ती परीक्षा में अभ्यर्थियों को पास कराने के नाम पर धन उगाही कर रहा है। इसके बाद प्रयागराज और जौनपुर में सूचना संकलन के दौरान दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।

मिली जानकारी के अनुसार राजू कुमार मांझी पहले भी नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी के मामले में वर्ष 2022 में गिरफ्तार होकर जेल जा चुका है। दोनों आरोपियों के खिलाफ जौनपुर के मुंगराबादशाहपुर थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(4) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।



Post a Comment

0 Comments