श्री अवध डाटकाम 9839627223
रिपोर्ट - दिलीप सिंह
गोंडा :- जनपद के इंटियाथोक क्षेत्र में शादी समारोह से घर लौट रहे दो युवकों की बाइक अनियंत्रित होकर बिजली के खंभे से टकरा गई। इस हादसे में बाइक सवार दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। इलाज के दौरान एक युवक की मौत हो गई जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया है।
मिली जानकारी के अनुसार इटियाथोक -बाबागंज मार्ग पर अयाह चौराहे के पास एक शादी समारोह से लौटते समय एक बाइक अनियंत्रित होकर सड़क के किनारे लगे खम्भे से टकराईं। टक्कर की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग और साथ चल रहे अन्य युवक मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों ने तत्काल एंबुलेंस की सहायता से दोनों घायलों को उपचार के लिए जिला मुख्यालय स्थित मेडिकल कॉलेज भिजवाया।
जहां इलाज के दौरान बिरमापुर निवासी मिथुन वर्मा (20 वर्ष), पुत्र समय दीन वर्मा की मौत हो गई। वहीं उसका साथी वीरू गंभीर रूप से घायल हो गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिले के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों के अनुसार उसकी हालत अब खतरे से बाहर है।
घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

0 Comments