तंत्र-मंत्र के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह का सरगना गिरफ्तार, 26.95 लाख रुपये बरामद

 

           श्री अवध डाटकाम    9839627223

खुद को पंडित राम स्वरूप शर्मा उर्फ भगत बताता था आरोपी शफीक अली

रिपोर्ट - दिलीप सिंह 

गोण्डा :-  जिले की मनकापुर कोतवाली पुलिस और एसओजी/सर्विलांस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए तंत्र-मंत्र के नाम पर लोगों से ठगी करने वाले गिरोह के मुख्य आरोपी शफीक अली उर्फ बड़े पुजारी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 26 लाख 95 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं।

पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल के निर्देशन में चलाए गए अभियान के तहत आरोपी को बन्दरहा मार्ग पर हरसिंहवा गांव जाने वाले रास्ते से गिरफ्तार किया गया। आरोपी मेरठ के लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र का निवासी है और खुद को पंडित रामस्वरूप शर्मा उर्फ भगत जी बताकर लोगों को अपने झांसे में लेता था।

पुलिस के अनुसार, गिरोह समाचार पत्रों के साथ पर्चे वितरित कर लोगों की समस्याओं का समाधान पूजा-पाठ और विशेष अनुष्ठान से करने का दावा करता था। गिरोह के सदस्य पीड़ितों के घर पहुंचकर सोने-चांदी के आभूषण और नकदी एक डिब्बे या कलश में रखवाते थे। इसके बाद तंत्र-मंत्र और भय का माहौल बनाकर लोगों को पूजा स्थल से दूर कर देते थे और जेवरात व नकदी लेकर फरार हो जाते थे।

मनकापुर निवासी सुशील सोनी की शिकायत पर दर्ज मुकदमे की जांच के दौरान पुलिस ने इससे पहले गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार किया था। पूछताछ में मुख्य आरोपी ने स्वीकार किया कि गिरोह गोण्डा और बहराइच समेत कई जिलों में लोगों को ठगी का शिकार बना चुका है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय भेजते हुए आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

Post a Comment

0 Comments