ट्रक और बस की टक्कर में 17 घायल, दो गम्भीर

     श्री अवध डाटकाम 9839627223

बहराइच :-  जिले के हरदी थाना क्षेत्र के बहराइच-सीतापुर मार्ग पर एक रोडवेज बस और ट्रक की भीषण टक्कर में 17 लोग घायल हो गए जबकि दो लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। सूचना पर पहुंची पुलिस आवश्यक कार्यवाही में जुट गई है ।

मिली जानकारी के अनुसार बहराइच की ओर से आ रहे ट्रक संख्या UP 21CH5785 और लखनऊ से रूपईडीहा जा रही रोडवेज बस संख्या UP 78HN3836 की गदामार गांव के पास आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में बस में सवार यात्रियों और ट्रक कंडक्टर समेत कुल 17 लोग घायल हो गए। सूचना मिलते ही हरदी पुलिस और उच्चाधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचे। सभी घायलों को एम्बुलेंस से अस्पताल भिजवाया गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद मार्ग पर जाम की स्थिति बन गई थी, जिसे पुलिस ने तत्काल सामान्य कराया।  

घायलों में पप्पू पुत्र जाबीर (42 वर्ष) निवासी इमामगंज थाना दरगाह शरीफ और सत्यदेव शर्मा पुत्र राजकुमार (26 वर्ष) निवासी आनंदनगर चौराहा थाना धानेपुर, गोण्डा को गंभीर चोटें आई हैं। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को बेहतर इलाज के लिए लखनऊ रेफर कर दिया गया है।  शेष 15 घायलों का इलाज जिला अस्पताल बहराइच में चल रहा है। डॉक्टरों के अनुसार सभी की हालत खतरे से बाहर है। घायलों में हंसराज (23 वर्ष) कपूरपुर, अवधेश कुमार (24 वर्ष) हरहा नानपारा, सोनू पाल (24 वर्ष) गोबिंदपुर राम गांव, रामकली( 50 वर्ष) कपूरपुर, मुनेश्वर (32 वर्ष) कासगंज, सूबेदार ( 23 वर्ष ) अमरैया नानपारा, सालिक ( 55 वर्ष ) कपूरपुर, बेचन (56 वर्ष) लक्ष्मणपुर श्रावस्ती, लवलेश पाल (26 वर्ष) शिवनाथपुरा फखरपुर, शिवम (19 वर्ष) आनंदनगर गोण्डा, राकेश (45 वर्ष) कोयला हरदी, प्रमोद (25 वर्ष) छत्रपुरा सीतापुर, महेंद्र (40 वर्ष ) बख्शीपुरा दरगाह, निर्मला (60 वर्ष) सूफीपुरा देहात और आदित्य नारायण द्विवेदी ( 17 वर्ष) मर्दानगर बिशेश्वरगंज शामिल हैं।  

हादसे की सूचना पर थाना हरदी पुलिस के साथ सीओ और अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बस से बाहर निकाला। क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारू कराया गया। थाना प्रभारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में ट्रक चालक की लापरवाही सामने आई है। अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।  बस में कुल 35 यात्री सवार थे। गनीमत रही कि कोई जनहानि नहीं हुई। रात में हुए हादसे के कारण राहत कार्य में थोड़ी दिक्कत आई, लेकिन पुलिस की तत्परता से सभी घायलों को समय पर अस्पताल पहुंचाया जा सका। फिलहाल क्षेत्र में शांति व्यवस्था सामान्य है। पुलिस दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर जांच कर रही है। ट्रक चालक मौके से फरार बताया जा रहा है, जिसकी तलाश जारी है।

Post a Comment

0 Comments