श्री अवध डाटकाम 9839627223
रिपोर्ट - दिलीप सिंह
गोण्डा :- जनपद के थाना कर्नलगंज पुलिस एवं एसओजी टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए रात्रि चेकिंग के दौरान पुलिस मुठभेड़ में 3 शातिर अंतर्जनपदीय चोरों को गिरफ्तार किया है। मुठभेड़ के दौरान एक बदमाश पुलिस की जवाबी कार्रवाई में गोली लगने से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त विभिन्न जनपदों में चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले शातिर अपराधी हैं। तलाशी के दौरान इनके कब्जे से चोरी का 11 ग्राम सोना, 1 किलोग्राम 100 ग्राम चांदी, एक मोबाइल फोन, घटना में प्रयुक्त बिना नंबर प्लेट की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल, एक अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस तथा 93 हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं।
पुलिस ने बताया कि अभियुक्तों के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है तथा बरामद सामान के संबंध में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। इस सफलता को जनपद में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
इस संबंध में अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी राधेश्याम राय ने बताया कि थाना कर्नलगंज पुलिस एवं एसओजी टीम की सतर्कता और संयुक्त प्रयास से यह सफलता प्राप्त हुई है। गिरफ्तार अभियुक्तों से पूछताछ के आधार पर अन्य घटनाओं के खुलासे की भी संभावना है ।

0 Comments