रिपोर्ट - प्रभात सिंह
बरसठी / जौनपुर :-- स्थानीय थाना क्षेत्र के पाली गांव में जमीन पर अवैध निर्माण को लेकर हुए विवाद में मारपीट और धमकी देने का मामला सामने आया है। पुलिस ने चार नामजद आरोपितों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मिली जानकारी के अनुसार उक्त गांव निवासी चंद्रभान सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि गांव के ही संजय सिंह उनकी आराजी संख्या 605 में जबरन अवैध निर्माण करा रहे थे। विरोध करने पर गाली-गलौज और मारपीट पर आमादा हो गए। सूचना पर पहुंची 112 नंबर पुलिस ने निर्माण कार्य रुकवाकर दोनों पक्षों को थाने बुलाया, जहां समझौता भी कराया गया था। आरोप है कि इसके बावजूद आरोपितों ने दोबारा जमीन पर नींव खोदकर दीवार बनानी शुरू कर दी। सुबह विरोध करने पर संजय सिंह, शत्रुधन सिंह, परमिला सिंह और श्वेता सिंह ने हाथ-पैर और डंडे से हमला कर दिया। मारपीट में चंद्रभान सिंह, उनकी पत्नी और बच्चों को चोटें आईं। पीड़ित की पत्नी का चश्मा टूट गया, जबकि गले से चेन गिर गई, जो बाद में नहीं मिली। पीड़ित का आरोप है कि आरोपितों ने दोबारा विरोध करने पर जान से मारने की धमकी भी दी। पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 115(2), 352, 351(3) और 324(2) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

0 Comments