श्री अवध डाटकाम 9839627223
"पत्रकारों की कलम गरीब और वंचितों को न्याय दिलाने के लिए चले" : एसपी विनीत जायसवाल
रिपोर्ट - दिलीप सिंह
गोण्डा :- हिंदी पत्रकारिता दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश श्रमजीवी पत्रकार यूनियन शाखा गोण्डा के तत्वावधान में विचार गोष्ठी एवं वरिष्ठ पत्रकार सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों के साथ वरिष्ठ पत्रकारों ने पत्रकारिता की चुनौतियों, निष्पक्षता और सामाजिक जिम्मेदारियों पर अपने विचार व्यक्त किए। इस अवसर पर 60 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके 11 वरिष्ठ पत्रकारों को सम्मानित कर उनके योगदान को सराहा गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ उप जिलाधिकारी सदर जितेंद्र गौतम एवं नगर मजिस्ट्रेट पंकज वर्मा ने दीप प्रज्वलित कर तथा मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर किया। मुख्य अतिथि पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने कहा कि युवा पत्रकारों को अपने वरिष्ठ साथियों के अनुभवों से सीख लेनी चाहिए। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता निष्पक्ष होने के साथ-साथ जन पक्षधर भी होनी चाहिए। लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में पत्रकारों की जिम्मेदारी है कि वे समाज के गरीब, वंचित और कमजोर वर्गों की आवाज बनें। पत्रकारों की कलम ऐसे लोगों को न्याय दिलाने के लिए चलनी चाहिए। उन्होंने पत्रकारों से अपनी विश्वसनीयता बनाए रखने का आह्वान किया।
वरिष्ठ पत्रकार तेज प्रताप सिंह ने कहा कि हिंदी पत्रकारिता अपने 200 वर्षों की गौरवशाली यात्रा पूरी कर रही है। बदलते समय के साथ पत्रकारिता का स्वरूप भी बदला है, लेकिन निष्पक्षता और सत्यनिष्ठा आज भी इसकी सबसे बड़ी ताकत हैं। उन्होंने पत्रकारों में धैर्य एवं सहनशीलता को आवश्यक बताते हुए कठिन परिस्थितियों में भी कर्तव्य निर्वहन की बात कही।
वरिष्ठ पत्रकार हरि नारायण शुक्ला ने कहा कि स्वावलंबन के बिना पत्रकारिता अधूरी है। समाचारों में व्यक्तिगत विचारों के बजाय तथ्यों और आंकड़ों को महत्व दिया जाना चाहिए, जिससे पत्रकारिता की विश्वसनीयता बनी रहे। वरिष्ठ पत्रकार एस.पी. मिश्रा ने भी पत्रकारिता को समाज के वंचित वर्गों के हितों से जोड़ने की आवश्यकता पर बल दिया। कार्यक्रम को वरिष्ठ पत्रकार के.बी. सिंह तथा परसपुर विकास मंच के अध्यक्ष ने भी संबोधित किया।कार्यक्रम के अंत में यूनियन के जिलाध्यक्ष कैलाश नाथ वर्मा ने सभी अतिथियों एवं पत्रकार साथियों का आभार व्यक्त किया। समारोह में 60 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके 11 वरिष्ठ पत्रकारों को सम्मानित किया गया।कैलाश नाथ वर्मा, विजय बहादुर तिवारी, रविन्द्र प्रताप सिंह, राजेन्द्र सिंह जिंदल, चंदा नारायण, शोभनाथ पाण्डेय, मानिक राम वर्मा, केशनाथ पाण्डेय, राजकुमार मिश्रा, मथुरा प्रसाद मिश्रा एवं यज्ञ नारायण तिवारी।कार्यक्रम का संचालन इरफान मोइन ने किया। इस अवसर पर संजीव यादव, राकेश चौहान, हनीफ सिद्दीकी, पंकज सिन्हा, संदीप अवस्थी, राहुल तिवारी, प्रदीप गुप्ता, अशोक गुप्ता, श्याम त्रिपाठी, ओमचंद शर्मा, लखन लाल, श्याम प्रकाश, सचिन रस्तोगी, मणिकांत, बजरंगी पांडे, राजन कुशवाहा, बजरंग त्रिपाठी, वरुण यादव, आर.सी. पाण्डेय, उमेश मिश्रा, उमेश श्रीवास्तव, दिवाकर तिवारी, भरतराज सिंह, गनी मोहम्मद, हरिश्चन्द्र गुप्ता, केदार नाथ वर्मा, कमलेश पटेल, राजू मौर्य, मनोज वर्मा, अनवारूल हसन, अशफाक अहमद, नागेश्वर सिंह, दिलीप सिंह, अरविंद वर्मा, सुनील सोनकर सहित सैकड़ों पत्रकार उपस्थित रहे।

0 Comments