रिपोर्ट - प्रभात सिंह 

बरसठी /जौनपुर :-  स्थानीय थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति ने एक युवक पर अपनी पुत्री को बहला-फुसलाकर साथ भगा ले जाने का आरोप लगाते हुए थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच और युवती की तलाश में जुटी है। पीड़ित पिता का आरोप है कि 23 मई की दोपहर युवक उसकी 21 वर्षीय पुत्री को अपने साथ लेकर चला गया। परिजनों के अनुसार युवती का हाल ही में विवाह हुआ था और वह मायके आई हुई थी। आरोप है कि युवती अपने साथ करीब 80 हजार रुपये नकद तथा लगभग 7.50 लाख रुपये मूल्य के जेवर भी ले गई है। परिवार ने युवती के साथ किसी अनहोनी की आशंका जताते हुए पुलिस से शीघ्र बरामदगी और कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपी सूरज सोनकर पुत्र साधु सोनकर निवासी निगोह, थाना बरसठी के खिलाफ बीएनएस की धारा 87 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी जयप्रकाश यादव ने बताया कि तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर युवती की तलाश की जा रही है।