श्री अवध डाटकाम 9839627223
रिपोर्ट - अबू शहमा
बहराइच। बौंडी थाना क्षेत्र के सेमगढ़ा चौराहा पर सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। सोमवार को हुए भीषण सड़क हादसे में एक युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। प्राप्त जानकारी के अनुसार बौंडी थाना क्षेत्र गुंजौली निवासी नवीन प्रताप सिंह उम्र करीब 19 वर्ष पुत्र नानबाबू सिंह अपने साथी गांव के ही जय सिंह पुत्र रघुराज सिंह उम्र करीब 18 वर्ष एवं एक अन्य साथी सचिन पुत्र खुशीराम उम्र करीब 18 वर्ष निवासी गुंजौली खुर्द दाखिला गुंजौली कला थाना बौण्डी जनपद बहराइच के साथ बौंडी थाना क्षेत्र के सेमगढ़ा चौराहे पर सड़क किनारे स्कूल जाने के लिए सवारी का इंतजार कर रहा था, तभी बौंडी की ओर से तेज रफ्तार से लापरवाही पूर्वक चलाते हुए बस संख्या UP32RT4926 के चालक ने बस से नवीन प्रताप सिंह, जय सिंह व सचिन को जोरदार ठोकर मार दी। चोट लगने से नवीन प्रताप सिंह की मौके पर ही मृत्यु हो गई तथा जय सिंह व सचिन गंभीर रूप से घायल हो गये। घायल जय सिंह व सचिन को इलाज हेतु अस्पताल भिजवाया गया।घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष तिलोकनाथ मौर्य पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दोनों घायलों को एंबुलेंस के जरिए अस्पताल भिजवाया, वहीं मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय ग्रामीणों ने प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि सेमगढ़ा चौराहा पर न तो स्पीड ब्रेकर हैं, न ही चेतावनी संकेतक बोर्ड, और न ही पर्याप्त पुलिस निगरानी। ग्रामीणों ने तत्काल सुरक्षा इंतजाम बढ़ाने की मांग की है, ताकि लगातार हो रहे हादसों पर रोक लगाई जा सके।

0 Comments