छप्पर में अज्ञात कारण से लगी आग, युवक की जलकर मौत

 


पिता ने जिंदा जलाने का लगाया आरोप 

सुजानगंज / जौनपुर :- स्थानीय क्षेत्र के सकापुर गांव में बीती रात करीब बारह बजे एक छप्पर में अचानक आग लग गई। जिससे छप्पर में सो रहा एक युवक गंभीर रूप से झुलस गया जिसकी इलाज के दौरान जिला अस्पताल में मौत हो गई। मृतक के पिता ने थाने में तहरीर देकर एक युवक पर जलाकर मारने का आरोप लगाया है। सूचना पर पहुंची पुलिस आवश्यक कार्यवाही में जुट गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार उक्त गांव निवासी शिवमूर्ति गौड़ (22 वर्ष) पुत्र रामजीत गौड़ प्रतिदिन की भांति भोजन करके छप्पर में सोने चला गया। आधी रात को अचानक उस छप्पर में आग लग गई जब तक युवक कुछ समझ पाता तब तक युवक बुरी तरह झुलस गया। परिजन उसे तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सुजानगंज ले आए लेकिन स्थिति गंभीर देखते हुए डाक्टरों ने उसे जिला चिकित्सालय भेज दिया जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक मजदूरी करता था। मृतक के पिता रामजीत ने थाने में तहरीर दी तथा तेजीबाजार थाना के सराय विभार गांव निवासी एक युवक के खिलाफ आरोप लगाया। इस संबंध में पूछे जाने पर थानाध्यक्ष सुजानगंज फूलचंद्र पाण्डेय ने बताया कि आग लगने का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया गया था। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। विभिन्न पहलुओं पर जांच की जा रही है।

Post a Comment

0 Comments