श्री अवध डाटकाम 9839627223
जफराबाद/जौनपुर :- जफराबाद क्षेत्र में घरेलू गैस सिलेंडर की अवैध जमाखोरी एवं कालाबाजारी की सूचना पर सक्रिय आपूर्ति विभाग की टीम 60 अवैध सिलेंडर बरामद करते हुए आवश्यक विधिक कार्यवाही में जुट गई है।
मिली जानकारी के अनुसार क्षेत्र के कल्याणपुर बाजार में जिलापूर्ति विभाग की टीम ने अवैध रूप से रखे गए घरेलू गैस सिलेंडर की सूचना पर छापेमारी करते हुए एक गोदाम से करीब 60 घरेलू एलपीजी सिलेंडर बरामद किए गए हैं, जिसके बाद पूरे बाजार में हड़कंप मच गया।
जिलापूर्ति अधिकारी संतोष विक्रम शाही को सूचना मिली थी कि कल्याणपुर बाजार में घरेलू गैस सिलेंडरों को अवैध रूप से जमा कर उनकी बिक्री की जा रही है। शिकायत मिलने के बाद उन्होंने अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचकर जांच की। जांच के दौरान एक गोदाम में बड़ी संख्या में सिलेंडर रखे मिले।
टीम ने मौके से तीन अलग-अलग कंपनियों के करीब 60 घरेलू गैस सिलेंडर बरामद किए। सभी सिलेंडरों को जब्त कर सील कर दिया गया और उन्हें सुरक्षित रूप से गोदाम में भिजवा दिया गया।
छापेमारी की कार्रवाई से बाजार के व्यापारियों में काफी हलचल देखी गई। जिलापूर्ति अधिकारी ने बताया कि मिली सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई है। पूरे मामले की रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेज दी गई है और संबंधित संचालक के खिलाफ नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

0 Comments