मुख्यमंत्री योगी ने सेमरहना‌ के 136 परिवारों को दिया विकास का तोहफा

 


       श्री अवध डाटकाम  9839627223

रिपोर्ट - मिथिलेश जायसवाल 

 बहराइच। बलहा विधानसभा के तहसील मिहींपुरवा के भरथापुर गांव के विस्थापन एवं पुनर्वास को लेकर बुधवार को सेमरहना में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पहुंचे।उनका हेलीकॉप्टर सुबह करीब 11:16 बजे सभा स्थल के पास बने अस्थायी हेलीपैड पर उतरा, जहां से वह कार द्वारा मंच तक पहुंचे। मंच पर पहुंचते ही पंडाल जय श्री राम और भारत माता की जय के नारों से गूंज उठा। मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन की शुरुआत भारत माता की जय के साथ करते हुए महाराजा सुहेलदेव और महर्षि वाल्मीकि को नमन किया।

मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम के दौरान 118 विस्थापित परिवारों के खातों में 21 करोड़ 55 लाख रुपये से अधिक की धनराशि बटन दबाकर हस्तांतरित की। साथ ही 136 परिवारों को आवास, शौचालय  सड़क बिजली पार्क व अन्य मूलभूत सुविधाओं का लाभ देने की घोषणा की। उन्होंने सेमरहना में बनने वाली नई कॉलोनी का नाम ‘भरतपुर’ रखने का ऐलान भी किया। मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी को निर्देश दिए कि शारदीय नवरात्रि से पहले कॉलोनी का निर्माण पूर्ण कराया जाए। उन्होंने अगली नवरात्रि में फिर से सेमरहना आकर विस्थापितों के गृह प्रवेश में शामिल होने की बात भी इशारों इशारों में कह दी। अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने पूर्ववर्ती सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले की सरकारों ने जाति के आधार पर राजनीति की, जबकि वर्तमान सरकार सभी वर्गों के विकास के लिए कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि प्रदेश के 54 वन टांगिया गांवों को राजस्व ग्राम का दर्जा दिया जा चुका है। साथ ही मिहींपुरवा तहसील के महबूबनगर, टेड़िया, ढकिया, भवानीपुर और बिछिया सहित छह वन ग्रामों को भी राजस्व ग्राम घोषित किया गया है। मुख्यमंत्री ने करीब 38 मिनट तक संबोधन दिया और 10 लाभार्थियों को स्वयं स्वीकृति पत्र वितरित किए। तय कार्यक्रम के अनुसार वह लगभग एक घंटा 35 मिनट तक सेमरहना में रहे। कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री सूर्य प्रताप शाही, विधायक सरोज सोनकर , अनुपमा जायसवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।

Post a Comment

0 Comments