श्री अवध डाटकाम 9839627223
प्रयागराज में सड़क किनारे संदिग्ध परिस्थिति में मिला खून से लथपथ शव
प्रयागराज।गंगापार के बाबूगंज बाजार में रविवार सुबह लगभग चार बजे सड़क किनारे खून से लथपथ एक युवक का शव मिलने से खलबली मच गई। सूचना पर पहुंची फूलपुर कोतवाली पुलिस ने शव कब्जे में लेकर आवश्यक कार्यवाही में जुटी। पुलिस छानबीन में युवक की पहचान 30 वर्षीय सुरेंद्र गौतम पुत्र अमृतलाल निवासी गोहका गांव थाना मछलीशहर, जनपद जौनपुर के रूप में हुई है। उसके पास मिले कागजात के आधार पर पहचान होने के बाद पुलिस ने परिवार के लोगों को जानकारी दी। बिलखते हुए वे यहां पहुंचे और पुलिस को बताया कि सुरेंद्र मुंबई की निजी कंपनी में पांच माह से नौकरी करता था। 20 फरवरी को वह मुंबई से ट्रेन द्वारा घर के लिए रवाना हुआ था। परिजनों ने बताया कि शनिवार रात करीब 11:30 बजे सुरेंद्र ने फोन पर बातचीत की थी। बताया था कि वह सिविल लाइंस बस अड्डा से जौनपुर जाने के लिए बस में सवार हो रहा है। देर रात पत्नी प्रीति ने फोन किया तो दुर्घटना की सूचना मिली। इससे परिवार मे कोहराम मच गया।
फूलपुर पुलिस के अनुसार सुरेंद्र के पास दो बैग थे। एक बैग रोडवेज बस में मिला है। उसकी जेब से मोबाइल फोन, 700 रुपये नकद और ट्रेन का टिकट मिला। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। कोतवाली प्रभारी शेषनाथ पाल ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला हादसे का प्रतीत हो रहा है। लेकिन सवाल यह उठता है कि यदि सुरेन्द्र का बैग रोडवेज बस में मिला और सुरेन्द्र का रोड पर एक्सीडेंट हो गया जिसकी रोडवेज बस चालक और परिचालक को भनक भी नहीं लगी। स्वजन की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा।

0 Comments