श्री अवध डाटकाम 9839627223
रिपोर्ट - मिथिलेश जायसवाल
बहराइच।विकासखंड कैसरगंज में एआरपी पद पर कार्यरत डॉ क्षमा सिंह को अंतरराष्ट्रीय मंच पर सम्मानित किया गया है। नेपाल की राजधानी काठमांडू में 21 फरवरी, शनिवार को अंतर्राष्ट्रीय मातृभाषा दिवस के अवसर पर शब्द प्रतिभा बहुक्षेत्रीय सम्मान फाउंडेशन द्वारा आयोजित ऑनलाइन समारोह में उन्हें "भारत रत्न" मानद उपाधि से सम्मानित किया गया है। समारोह में विभिन्न देशों से जुड़े साहित्यकारों, शिक्षाविदों और सामाजिक कार्यकर्ताओं की उपस्थिति रही। कार्यक्रम का उद्देश्य मातृभाषाओं के संरक्षण, संवर्धन और उनके वैश्विक महत्व को रेखांकित करना था। इस अवसर पर फाउंडेशन अध्यक्ष आनंद गिरि मायालु एवं चयन समिति के प्रमुख मंजू खरे दतियो द्वारा डॉ क्षमा सिंह को शिक्षण एवं भाषा संवर्धन के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिएं सम्मानित किया गया है। वह अपने विकासखंड में नित नए-नए नवाचारों, गतिविधि आधारित शिक्षण के पद्धतियों, बच्चों की बुनियादी समझ मजबूत करने के प्रयासों के लिए जानी जाती हैं। उनके इन प्रयासों का प्रभाव बच्चों की उपस्थिति एवं शैक्षिक गुणवत्ता में सकारात्मक रूप से देखा गया है। समारोह में वक्ताओं ने कहा डॉ क्षमा सिंह का कार्य न केवल स्थानीय स्तर पर बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी प्रेरणा स्रोत है। उन्होंने मातृभाषा के महत्व को जन-जन तक पहुंचाने और शिक्षा में नवाचार को महत्व देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए फाउंडेशन के पदाधिकारियों और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। समारोह का समापन मातृभाषा के संरक्षण के संकल्प के साथ हुआ।
कैसरगंज क्षेत्र में इस उपलब्धि से शिक्षकों व विद्यार्थियों में उत्साह का माहौल है। फाउंडेशन के अध्यक्ष एवं चयन समिति के प्रमुख ने डॉ क्षमा सिंह को उज्जवल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी हैं। उनके सम्मानित होने पर उनके प्रशंसकों ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए बधाई दी है।

0 Comments