श्री अवध डाटकाम 9839627223
साभार- दि ग्राम टुडे
मोतीपुर बहराइच। भारत-नेपाल सीमा पर नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में एसएसबी और मोतीपुर पुलिस की संयुक्त टीम को अहम सफलता मिली है। सीमा स्तंभ संख्या 667 के पास चेकिंग के दौरान एक तस्कर को 41 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार कर लिया गया। बरामदगी के बाद आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। मंगलवार को सीमा क्षेत्र में सघन जांच अभियान के तहत मोतीपुर थाने की पुलिस टीम एसएसबी के साथ लौकाही गांव के निकट भारत-नेपाल बॉर्डर पर वाहनों और संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक व्यक्ति की गतिविधियां संदिग्ध लगने पर उसे रोककर तलाशी ली गई, जिसमें उसके पास से 41 ग्राम स्मैक बरामद हुई। बरामद मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग चार लाख रुपए बताई जा रही है। पकड़े गए आरोपी की पहचान मोतीपुर निवासी करीब 40 वर्षीय इजाद पुत्र निसार अहमद के रूप में हुई है। प्रारंभिक पूछताछ में खुलासा हुआ कि वह स्मैक को नेपाल ले जाकर खपाने की फिराक में था। पुलिस ने उसके खिलाफ थाना मोतीपुर में मुकदमा अपराध संख्या 52/26 धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
संयुक्त अभियान में एसएसबी की 59 वीं वाहिनी की सीमा चौकी लौकाही के प्रभारी निरीक्षक सामान्य सुभाष चंदर अपनी टीम के साथ मौजूद रहे। वहीं मोतीपुर पुलिस की ओर से थानाध्यक्ष आनंद कुमार चौरसिया, उपनिरीक्षक कमलेन्द्र प्रताप सिंह और हेड कांस्टेबल गट्टू पांडेय ने कार्रवाई में सक्रिय भूमिका निभाई।
एसएसबी का कहना है कि भारत-नेपाल सीमा पर मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए लगातार संयुक्त चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। और लोगों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस या एसएसबी को दें, ताकि नशे के नेटवर्क पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।

0 Comments