सुजानगंज / जौनपुर :- जब दो टीमें खेलती है तो एक टीम जीतती है और दूसरी हारती है लेकिन हार से घबराना नहीं चाहिए बल्कि हार के कारणों को जानें और उसे सुधार कर जीत का रास्ता प्रशस्त करें। हार से कभी घबराना नहीं चाहिए यही एक अवसर है जो आपको जीत की तरफ ले जाता है। हार और जीत पाने वाली दोनों टीमों ने उतना ही प्रयास किया लेकिन समय पर जिसने सही निर्णय लिया उसे सफलता मिली। उक्त बातें क्षेत्र के प्रेम का पूरा गांव में आयोजित अंतर्जनपदीय क्रिकेट प्रतियोगिता के समापन पर बतौर मुख्य अतिथि राज्य मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने कहा। मैच का फाइनल मुकाबला गोल्हनामऊ जौनपुर और बरहदा प्रतापगढ़ के बीच हुआ। बरहदा की टीम ने निर्धारित पंद्रह ओवरों में 124 रन बनाए जिसके जवाब में गोल्हनामऊ की टीम 74 रन पर ही सिमट गई। विजेता और उपविजेता के कप्तान को ट्राफी देते हुए उन्होंने शुभकामनाएं दी। कार्यक्रम के आयोजक भाजपा नेता अजय शंकर दुबे अज्जू ने कहा कि यह प्रतियोगिता सभी के सहयोग से ही संभव हो पाया। यह प्रतियोगिता विगत पैंतालीस वर्षों से होती आ रही है। पूर्व सांसद बी पी सरोज ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में इस प्रकार के आयोजन से क्षेत्रीय खिलाड़ियों को भी अपनी प्रतिभा निखारने का अवसर मिलता है। इस प्रकार के आयोजन किए जाने चाहिए। महामंत्री सुशील मिश्र, पूर्व प्रमुख संतोष तिवारी, आलोक सिंह, विश्वंभर दुबे, अरुण दुबे, मन्नू सिंह समेत अन्य लोग मौजूद रहे। संचालन ओम प्रकाश दुबे ने किया।

0 Comments