श्री अवध डाटकाम 9839627223
रिपोर्ट - रंजीत तिवारी
गोंडा :- गोंडा स्वदेश संस्थान भारत के तत्वावधान में अयोध्या धाम में आयोजित अयोध्या कला-संस्कृति महाकुंभ के दौरान जादुई कला के क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय पहचान बना चुके इंटरनेशनल मैजिशियन ‘जादूगर मिस्टर इंडिया’ को वर्ष 2026 के प्रतिष्ठित ‘स्वदेश रत्न अवार्ड’ से सम्मानित किया गया। यह भव्य आयोजन 23 से 27 जनवरी 2026 तक माधुरी पैलेस, अयोध्या धाम में संपन्न हुआ।
स्वदेश संस्थान के निदेशक अम्बरीष चंद पाण्डेय ने बताया कि यह सम्मान उन विशिष्ट व्यक्तित्वों को प्रदान किया जाता है, जिन्होंने कला, संस्कृति, शिक्षा, साहित्य एवं समाज सेवा के माध्यम से राष्ट्र और जनहित में उल्लेखनीय योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि जादूगर मिस्टर इंडिया को उनकी उपलब्धियों, सामाजिक सरोकारों और निरंतर समर्पण भाव को देखते हुए ‘स्वदेश रत्न अवार्ड-2026’ से अलंकृत किया गया।
कार्यक्रम में (अवधी सुपर स्टार) इंटरनेशनल जादूगर मिस्टर इंडिया, परसपुर (गोण्डा), उत्तर प्रदेश को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए विशेष रूप से सम्मानित किया गया। इस अवसर पर स्वदेश संस्थान, भारत ने कार्यक्रम की अभूतपूर्व सफलता में सभी अतिथियों व प्रतिभागियों की भूमिका की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य एवं दीर्घायु की कामना की।
कार्यक्रम के आयोजक मंडल में राम सुन्दर प्रजापति (अर्जुन), राम आशीष प्रजापति, राम सूरत तिवारी एवं एस. बी. सागर प्रजापति शामिल रहे।
संस्थान के अध्यक्ष एस. बी. सागर प्रजापति ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान जादूगर मिस्टर इंडिया ने अपनी अनोखी और प्रभावशाली जादुई प्रस्तुतियों के माध्यम से बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, मद्यपान निषेध, स्वच्छ भारत मिशन, दहेज उत्पीड़न, कन्या भ्रूण हत्या जैसे सामाजिक विषयों पर जागरूकता का सशक्त संदेश दिया। उनकी प्रस्तुति से दर्शक मंत्रमुग्ध हो गए और पूरा पंडाल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
उन्होंने आगे बताया कि यह आयोजन नीति आयोग से संबद्ध गतिविधियों तथा विभिन्न सांस्कृतिक और पर्यटन सहयोगी संस्थाओं के सहयोग से पूरी तरह निर्विघ्न संपन्न हुआ।
स्वदेश संस्थान का यह आयोजन अयोध्या की समृद्ध कला और सांस्कृतिक विरासत को राष्ट्रीय ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण और सराहनीय पहल के रूप में देखा जा रहा है।

0 Comments