जौनपुर में चाइनीज मांझे की चपेट में आने से डॉक्टर की दर्दनाक मौत, मचा हड़कंप


जौनपुर :- जिले में प्रतिबंधित चाइनीज मांझे की चपेट में आकर एक डॉक्टर की दर्दनाक मौत हो गई। इस हादसे से पूरे जिले में सनसनी फैल गई है। घटना लाइन बाजार थाना क्षेत्र के पचहटिया गांव स्थित प्रसाद इंटरनेशनल स्कूल के सामने की है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। मृतक की पहचान केराकत कोतवाली क्षेत्र निवासी डॉ. मोहम्मद शमीर के रूप में हुई है। वे पेशे से फिजियोथेरेपिस्ट थे और निजी प्रैक्टिस करते थे। परिजनों के अनुसार, डॉ. शमीर  बाइक से जौनपुर मुख्यालय किसी डॉक्टर से मिलने आए थे। वापस लौटते समय सड़क पर फैले चाइनीज मांझे की चपेट में आ जाने से उनकी गर्दन गंभीर रूप से कट गई। प्रत्यक्षदर्शी प्रदीप कुमार मौर्या ने बताया कि वे अपने बच्चे की फीस जमा कर स्कूल से बाहर निकले ही थे कि अचानक एक बाइक सवार सड़क पर गिर पड़ा। पास जाकर देखा तो उसकी गर्दन कटी हुई थी। मौके पर मौजूद ट्रैफिक इंस्पेक्टर ने तत्काल एंबुलेंस बुलवाकर घायल को जिला अस्पताल भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

इस संबंध में सीओ सिटी गोल्डी गुप्ता ने बताया कि चाइनीज मांझे पर पूरी तरह प्रतिबंध है और इसके खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। हालांकि, ऑनलाइन मार्केटिंग के चलते इसकी बिक्री पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बनी हुई है। मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद शहर में चाइनीज मांझे को लेकर लोगों में भारी आक्रोश है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से इसके खिलाफ सख्त कार्रवाई और प्रभावी रोक लगाने की मांग की है।

Post a Comment

0 Comments