सराय ख्वाजा/ जौनपुर :-- स्थानीय पुलिस टीम ने शनिवार की रात हुई मुठभेड़ में खेत में सो रहे वृद्ध मखन्चू हत्याकांड के मुख्य आरोपी शक्तिमान उर्फ शक्ति बनवासी पुत्र मनीराम निवासी कुहिया को गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान शक्ति के पैर में गोली लगी, जिसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने उसके कब्जे से एक पिस्टल 32 बोर, दो खोखा कारतूस और एक ओला इलेक्ट्रिक स्कूटी बरामद की।
बताते हैं कि दिनांक 01 नवम्बर 2025 की रात कडैला गांव में पाही पर सोते समय मखन्चू बनवासी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना के खुलासे के लिए पुलिस अधीक्षक ने कई टीमों का गठन किया। स्वाट, सर्विलांस और थाना सराय ख्वाजा की संयुक्त जांच में पता चला कि मृतक मखन्चू से शक्ति बनवासी का जमीन और पैसों को लेकर विवाद था। मखन्चू पर आरोप था कि उसने शक्ति की मां पर “मेलान (भूत)” कर दिया था, जिससे उसकी मृत्यु हो गई। इसी रंजिश में शक्ति ने अपने दो साथियों गोरख गौतम और शत्रुधन यादव के साथ मिलकर मखन्चू की हत्या कर दी थी। पुलिस ने गोरख गौतम पुत्र रामबचन गौतम निवासी कुहिया और शत्रुधन यादव पुत्र रामाश्रय यादव निवासी गुरैनी, थाना खेतासराय को 8 नवम्बर को गिरफ्तार कर लिया था। दोनों से पूछताछ में हत्या का पूरा राज खुल गया था। आज सुबह करीब 02:10 बजे प्रभारी निरीक्षक जयप्रकाश यादव मय टीम करंजाकला मार्ग पर चेकिंग कर रहे थे, तभी एक ओला इलेक्ट्रिक स्कूटी सवार युवक पुलिस को देखकर भागने लगा। पुलिस के रोकने पर उसने जान से मारने की नीयत से फायर झोंक दिया। जवाबी फायरिंग में बदमाश घायल हो गया, जिसकी पहचान शक्तिमान उर्फ शक्ति बनवासी के रूप में हुई।
पुलिस ने मौके से पिस्टल, खोखा कारतूस और स्कूटी बरामद कर ली।

0 Comments