तेंदुए के हमलें से किसान की मौत


मोतीपुर / बहराइच। कतर्नियाघाट वन्य जीव प्रभाग क्षेत्र में खेत में काम कर रहे एक किसान पर तेंदुए ने जानलेवा हमला किया जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई । तेंदुए के हमले में किसान की हुई मौत से परिजनों में कोहराम मच गया है वहीं क्षेत्र में दहशत का माहौल है ।ग्रामीणों ने वन विभाग से तेंदुए को पकड़ने की गुहार लगाई है । वन विभाग ने मौके पर पहुंचकर मुआइना किया है।कतर्नियाघाट वन्य जीव प्रभाग के रेंज ककरहा के मुर्तिहा कोतवाली क्षेत्र के देवन पुरवा बेझा गांव निवासी भीखन (55 वर्ष) गुरुवार दोपहर लगभग 2 बजे खरबुजहा पुल के पास स्थित अपने खेत में काम कर रहा था। इसी दौरान गन्ने के खेत में घात लगाए बैठे तेंदुए ने अचानक उन पर हमला कर दिया और गन्ना के खेत के अंदर घसीट ले गया।

किसान की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके की ओर दौड़े और शोर मचाते हुए उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक तेंदुए ने किसान को मौत के घाट उतार चुका था। ग्रामीणों ने किसी तरह शोर मचाकर तेंदुए को भगाया और घटना की सूचना वन विभाग तथा मुर्तिहा पुलिस को दी।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी। सूचना के बाद भी लगभग 2 घंटे तक वन विभाग की टीम मौके पर नहीं पहुंची जिससे ग्रामीणों में आक्रोश रहा।

घटना के बाद से गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल है। बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर एकत्र होकर वन विभाग से तेंदुए की तलाश और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम की मांग कर रहे हैं। वन क्षेत्राधिकार धर्मेंद्र कनौजिया ने बताया कि तेंदुए के हमले में ग्रामीण की मौत हुई है मैं मौके पर हूं और जांच की जा रही है लोगों को सतर्क रहने को कहा गया है।

Post a Comment

0 Comments