सांड बचाने के चक्कर में पलटी बोलेरो, पांच घायल

 


मछलीशहर/ जौनपुर :-- मीरगंज थाना क्षेत्र के गोधना पेट्रोल पंप से थोड़ा दूर मछली शहर - जंघई मार्ग पर सांड को बचाने के चक्कर में एक बोलेरो पलट गई जिसपर सवार सभी पांच लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची मीरगंज पुलिस घायलों को अस्पताल पहुंचाते हुए आवश्यक कार्यवाही में जुट गई।

मिली जानकारी के अनुसार प्रयागराज जनपद निवासी पांच लोग एक बोलेरो में बैठ कर मंगलवार शाम मछली शहर क्षेत्र के सेमरहो गांव में शादी का निमंत्रण देने आए थे वापस लौटते समय गोधना पेट्रोल टंकी से थोडी दूर पर सड़क पार कर रहे एक सांड को बचाने के चक्कर में बोलेरो अनियंत्रित होकर पलट गई। जिससे बोलेरो में सवार सभी पांच लोग घायल हो गए, सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची मीरगंज पुलिस स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया तथा बोलेरो को सीधा करवाया। पुलिस के अनुसार  राधा पत्नी त्रिभुवन पाठक जो हंडिया के पास की रहने वाली थी उन्हें गंभीर चोट आई है।

स्थानीय लोगों के अनुसार इस सड़क पर आवारा पशुओं के कारण आए दिन दुर्घटनाएं होती है कभी पशु घायल होते तों कभी इंसान को अस्पताल जाना पड़ता है।


इस सड़क के दोनों ओर बसे गांवों के खेतों में अक्सर आवारा गोवंशों के झुंड विचरण करते रहते हैं और हाइवे से गुजरने वाले राहगीरों की जान के लिए खतरा बने हुए हैं लेकिन इन गो वंशों को गौशालाओं में पकड़कर पहुंचाने के लिए जिम्मेदार लोगों द्वारा कोई प्रयास नहीं किया जा रहा है।आवारा गोवंशों की संख्या इतनी अधिक है कि इसके लिए विशेष अभियान चलाये जाने की आवश्यकता है।

Post a Comment

0 Comments