बिजेथुआ धाम में एकादशी पर्व पर उमड़ा श्रद्धा का सैलाब

 


हनुमान जी के दरबार में भक्तों ने माथा टेका और 5 कोसी परिक्रमा में हुए शामिल 

रिपोर्ट - पंकज गुप्ता 

सूरापुर (सुलतानपुर)

बिजेथुआ महावीरन धाम में एकादशी पर्व पर शनिवार को श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। तड़के भोर से ही भक्तों की भीड़ मंदिर परिसर में उमड़ पड़ी। जय-जय बजरंगबली के जयघोष से पूरा धाम गूंज उठा। भक्तों ने विधिवत पूजन-अर्चन कर संकटमोचक हनुमान जी के दरबार में माथा टेका और मन्नतें मांगीं।

पारंपरिक मान्यता के अनुसार, एकादशी के दिन बिजेथुआ धाम की 5 कोसी परिक्रमा का विशेष महत्व होता है। दूर-दूर से आए श्रद्धालु हनुमान जी के जयघोष के साथ परिक्रमा मार्ग पर निकले। ग्रामीण मार्गों से गुजरते हुए भक्तों ने जगह-जगह हनुमान चालीसा का पाठ किया और प्रसाद वितरित किया।

मंदिर के चारों ओर परिक्रमा करने वालों में महिलाओं, वृद्धों और युवाओं की उत्साही भागीदारी देखने को मिली। परिक्रमा मार्ग पर स्थानीय लोगों ने जगह-जगह जलपान और शीतल जल की व्यवस्था की थी। भक्तों ने कहा कि इस पवित्र धाम में एकादशी के दिन दर्शन और परिक्रमा करने से सभी मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं।

मंदिर प्रशासन और स्थानीय समिति ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष इंतजाम किए थे। पूरे दिन हनुमान जी के जयकारों से गूंजता रहा बिजेथुआ धाम आस्था और उत्सव का केंद्र बना रहा।

Post a Comment

0 Comments