रिपोर्ट - कुलदीप विश्वकर्मा
बदलापुर/ जौनपुर :-- सल्तनत बहादुर इंटर कॉलेज में आयोजित तीन दिवसीय बदलापुर महोत्सव के पहले दिन शाम को बुंदेलखंड के कलाकारों ने राई गीत प्रस्तुत कर लोगों का मन मोह लिया। अंत में कैबिनेट मंत्री एके शर्मा व आयोजक विधायक रमेश चंद्र मिश्र ने सभी कलाकारों को अंग वस्त्रम देकर सम्मानित किया। आयोजित तीन दिवसीय बदलापुर महोत्सव के पहले दिन शनिवार को मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना में स्वस्ति वाचन व निकाह के कबूलनामें के बीच 774 जोड़े एक दूजे के हो गए। विवाह में 11 मुस्लिम जोड़ो का भी निकाह सम्पन्न हुआ। इस दौरान विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए 58 स्टालों से क्षेत्रवासियों ने आवश्यक जानकारी भी लिया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल शिवप्रताप शुक्ल ने कहा कि विवाह गृहस्थ जीवन की प्रथम सीढ़ी है। आज से आप सभी एक दूसरे के सुख दुख में साथ देते हुए अपने अपने माता पिता की सेवा करते हुए कर्तव्य पालन में जुट जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि जिसे अपना कर्तव्य याद नहीं रहता वह अपनी गरिमा को जल्द ही खो देता है। उन्होंने नव विवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देते हुए आयोजक रमेश चंद्र मिश्र को धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन से सभी को सीख लेनी चाहिए। विशिष्ट अतिथि मंत्री असीम अरुण ने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना जरूरतमंदों के लिए वरदान साबित हो रही है।
महोत्सव के पहले दिन शनिवार को विवाह गीतों से पंडाल गूंज उठा। भोजपुरी लोक गायिका वंदना दुबे ने तनिक झुक जइयो रघुबीर गाकर खूब वाहवाही लूटी तो अर्चना तिवारी ने दूल्हे का सेहरा सुहाना लगता है गाकर लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। अयोध्या से पधारे संत देवेंद्र महराज ने राजाजी गहनवा दई दा गाकर लोगों को अपने साथ गाने को मजबूर कर दिया तो विवेक वरदान ने तमाम गीत प्रस्तुत किया। गाजीपुर से आए कठघोड़वा नृत्य के कलाकारों ने नृत्य प्रस्तुत कर पुरानी यादों को ताजा कर दिया।

0 Comments