खम्भे में उतर रहे करंट की चपेट में आने से मजदूर की दर्दनाक मौत,ग्रामीणों ने थाने में किया हंगामा


परिजनों ने ठेकेदार के खिलाफ दिया लिखित तहरीर, विद्युत विभाग पर लगाया लापरवाही का आरोप

रिपोर्ट : नौशाद मंसूरी

शाहगंज /जौनपुर :-- नगर में बिजली के खम्भे पर एक नए होटल का प्रचार बोर्ड लगाते समय खम्भे में उतर रहे करंट की चपेट में आने से एक मजदूर की दर्दनाक मौत हो गई। जिसके बाद ग्रामीणों ने थाने पर हंगामा किया और ठेकेदार के खिलाफ तहरीर देते हुए बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया है।

बताता जाता है कि कोतवाली क्षेत्र के ग्राम बकुची नेवादा थाना शाहगंज निवासी 24 वर्षीय राजकुमार पुत्र रमेश कुमार गौतम मजदूरी का काम करता है। त्योहारों के सीजन में उसे नगर के पुराना चौक निवासी एक व्यक्ति द्वारा नगर में जगह जगह बोर्ड लगाने का काम मिला था।बीती रात लगभग दो बजे राजकुमार एक नए होटल का बोर्ड आज़मगढ़ रोड पर लगा रहा था।बोर्ड को सपोर्ट देने के लिए रस्सी बांधना था।आरोप है राजकुमार ने ठेकेदार को चेताया था की खम्भे में बोर्ड को बांधना उचित नही है खतरा हो सकता है। आरोप है कि बार बार मना करने के बाद भी ठेकेदार ने खम्भे में स्पोर्ट लेकर बोर्ड बांधने को कहा।और जैसे ही राजकुमार ने खम्भे में रस्सी के सहारे से स्पोर्ट लेना चाहा तो पहले से प्रवाहित हो रहे करंट की चपेट में आ गया और वही नीचे गिर तड़पने लगा।

करंट लगने के बाद ठेकेदार वहां से फरार हो गया।आनन फानन में लोगों ने उपचार के लिए एक निजी अस्पताल में ले गए जहां चिकित्सकों ने देखते ही मृत घोषित कर दिया। मजदूर राजकुमार की मौत की खबर बुधवार की सुबह पूरे नगर सहित आसपास तक पहुंच गई।आक्रोशित बकुची के ग्रामीण सैकड़ो की संख्या में पहुंच कर जमकर हंगामा किया और कठोर कार्यवाही की मांग की। मृतक के भाई  सन्तोष कुमार ने कोतवाली पुलिस को नामजद लिखित तहरीर देते हुए ठेकेदार राजकपूर उर्फ विक्की गुप्ता के खिलाफ कठोर कार्यवाही की मांग की।परिजनों ने तहरीर में विद्युत विभाग की लापरवाही की भी बात कही।

इस सम्बंध में एक्सईएन विद्युत विभाग शाहगंज ए. के. धर्मा ने कहा की मामला संज्ञान में आते ही मैं स्वयं घटनास्थल पर गया था जहां डबल पोल पर बिना अनुमति और बिना बिजली शट डाउन के बोर्ड लगाया जा रहा था।अगर पहले से अनुमति लेते या जानकारी देते तो बिजली शट डाउन करा दिया जाता तो ऐसी घटना को बचाया जा सकता था।हमने जांच कमेटी का गठन कर दिया है।एक सप्ताह में जांच रिपोर्ट आ जाएगी फिलहाल पुलिस को तहरीर दे दिया गया है।

 सीओ ने कहा की मृतक के भाई सन्तोष कुमार की तहरीर पर राजकपूर उर्फ विक्की के खिलाफ अभियोग दर्ज कर आगे की कार्यवाही की जा रही है।


Post a Comment

0 Comments