दिपावली पर मुम्बई से घर आए युवक की गोली मारकर हत्या, जांच में जुटी पुलिस


मीरगंज/ जौनपुर :-- स्थानीय थाना क्षेत्र के बभनियाव गांव में दिपावली पर मुम्बई से घर आए युवक की बीती रात गोली मारकर हत्या कर दी गई। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्यवाही में जुट गई है।

मिली जानकारी के अनुसार उक्त गांव के भोज का पुरवा निवासी प्रवीण मिश्रा (25) पुत्र महेन्द्र मिश्रा दिपावली को मुम्बई से अपने घर आया था और बुधवार सुबह घर से लगभग आधा किलोमीटर दूर मशीन पर खून से लथपथ उसका शव मिला। प्रवीण के सिर में गोली के निशान दिखें।


मृतक के पिता महेंद्र मिश्र ने बताया कि इस समय वह वर्षों से मुम्बई रह रहा था और दीपावली पर रात 10 बजे घर आया था। उन्होंने कहा कि बीती रात वह 10 बजे के बाद घर से कब निकला उन्हें जानकारी नहीं हुई। सुबह महेंद्र खेती के कार्य से घर से निकला तब देखा कि 500 मीटर दूर गांव के दीनानाथ मिश्रा के मशीन घर पर उसके बेटे का शव पड़ा था। उसके सिर मे चोट का निशान था और खून फैला हुआ था। सूचना पर पहुंची डायल 112 पुलिस ने आवश्यक पूछताछ करते हुए थानाध्यक्ष मीरगंज विनोद कुमार अंचल को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे थानाध्यक्ष मीरगंज विनोद कुमार अंचल क्षेत्राधिकारी मछलीशहर प्रतिमा वर्मा व क्षेत्रीय पुलिस ने शव कब्जे मे लेकर आवश्यक जांच पड़ताल करने में जुट गई। पिता महेन्द्र मिश्रा का कहना है कि बेटे की गोली मारकर हत्या की गयी है। यह भी कहा कि प्रवीण मिश्रा मुम्बई मे रह कर व्यवसाय करता था। पिता का आरोप है कि कुछ लोगों से उसका भूमि विवाद भी है और पुलिस फर्जी पर फर्जी मुकदमा लाद कर प्रवीण को हिस्ट्रीशीटर बना दिया। वहीं प्रवीण मिश्रा की दुश्मनी जंघई क्षेत्र के कुछ लोगों से भी थी,जिसमें प्रवीण द्वारा गोली मारकर घायल कर देने का मुकदमा प्रयागराज के सराय ममरेज थाने में दर्ज हुआ था। इस घटना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। सूचना पर ग्रामीणों की भारी भीड मौके पर जमा हो गयी । मौके पर पहुंची मीरगंज पुलिस घटना की जांच में जुट गई है। इस संबंध में थानाध्यक्ष मीरगंज विनोद कुमार अंचल ने कहा कि शव को कब्जे में लेकर पी एम के लिए भेज दिया गया।पुलिस घटना की हर पहलू पर गहन छान बीन कर रही है।

Post a Comment

0 Comments