कबाड़ के गोदाम में लगी आग की चपेट में आई खाद बीज की दुकान, घंटो बाद आग पर पाया गया काबू

 


रिपोर्ट - विजय बाजपेयी 

नानपारा/बहराइच :-- क्षेत्र के रिसिया कस्बे के मोहल्ला रविदास नगर स्थित एक कबाड़ की गोदाम में बुधवार सुबह अज्ञात कारणों से लगी आग ने खाद बीज की दुकान को भी अपनी चपेट में ले लिया। मौके पर पहुंची दमकल की टीम ने कड़ी मशक्कत के आग पर काबू पाया। इस घटना में लगभग बीस लाख से अधिक के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। मिली जानकारी के अनुसार थाना रिसिया अंतर्गत मोहल्ला रविदास नगर स्थित ग्राम करनियां निवासी हारुन व फिरोज ने दुकान बनाकर उसे किराये पर दे रखा है। इसी दुकान के बेसमेंट मे खलील की कबाड़ की दुकान संचालित है। बुधवार की सुबह उधर से गुजर रहे लोगो ने बेसमेंट से धुंआ उठता देखा तो इसकी सूचना आसपास के लोगो को दी। वहीं बगल में खलील का मकान भी है मौके पर खलील के परिजन पहुंचे तो देखा आग की लपटे उठ रही थी इस पर उन्होंने आग बुझाने का प्रयास किया लेकिन सफलता नही मिली। बेसमेंट के ऊपर खाद व बीज की दुकान को भी आग की लपटों ने अपनी चपेट में ले लिया। इसके बाद लोगों ने इसकी सूचना पुलिस व दमकल कर्मियों को दी। थोड़ी देर बाद दमकल के तीन वाहन मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पाने का प्रयास किया लेकिन आग इतनी विकराल थी की जेसीबी बुलाकर पीछे की दीवार को तोड़ा गया और दोनों तरफ से दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया तब जाकर घंटों बाद कड़ी मशक्कत कर आग पर काबू पाया। इस दौरान बड़ी संख्या में आसपास के लोग भी पहुंच गये। फिलहाल इस घटना में लगभग बीस लाख से अधिक के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। इस दौरान थाना प्रभारी करूणाकर पाण्डेय, कस्बा चौकी प्रभारी बिहारी सिंह यादव, उपनिरीक्षक किशन लाल पुलिस जवानों के साथ मौजूद रहे।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार इस घटना से पहले एक व्यक्ति बेसमेंट के पास ही आग जलाकर ताप रहा था। लोगो का कहना था कि शायद वह व्यक्ति मंदबुद्धि लग रहा था शायद उसी आग से ही गोदाम में आग लग गई। लोगो का कहना था की यदि समय रहते आग पर काबू नही किया गया होता तो आसपास के मकान भी आग की चपेट मे आ सकते थे जिससे घटना और भी भीषण हो सकती थी।

Post a Comment

0 Comments