सड़क हादसे में शिक्षा मित्र की मौत, इलाके में शोक



रिपोर्ट - विजय बाजपेयी 

नानपारा/बहराइच। भाई की लंबी उम्र की दुआ मांग कर दूज लेकर भाई के घर पति संग जा रही महिला की सड़क हादसे में मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। खैरीघाट थाना क्षेत्र अंतर्गत नरोत्तमपुर ग्राम पंचायत के गैल गांव निवासी रूपा देवी (55) पत्नी बुद्धिलाल गुरुवार दोपहर भाई दूज पूजने एवं यमराज से भाई की लंबी उम्र की दुआ मांगने के बाद दूज देने भाई के घर पति बुद्धिलाल के साथ बाइक से शिवपुर बाजार जा रही थी। तभी मक्कापुरवा के पास बाइक के सामने अचानक बकरी आ गई। बाइक अनियंत्रित हो गई। पीछे बाइक पर बैठी रूपा देवी बीच सड़क पर गिर गई। जिससे उन्हें गंभीर चोटें आ गई। इलाज के लिए सीएचसी शिवपुर लेकर गए। जहां हालत गंभीर होता देख चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल पहुंचने पर डाक्टरों ने रूपा देवी को मृत घोषित कर दिया। परिजन बिना पोस्टमार्टम कराए शव को घर वापस ले आए। रूपा देवी गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय में बतौर शिक्षा मित्र कार्यरत थी। ज्ञात हो कि एक वर्ष पूर्व इनके 22 वर्षीय बेटे गौरव की भी सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी। आगामी 20 फरवरी को इनके बेटे आकाश जायसवाल की शादी होना निश्चित है।

Post a Comment

0 Comments