पुलिस की डर से गोमती में कूदे युवक का अखड़ो घाट पर मिला शव

 


जफराबाद/ जौनपुर :-- पुलिस की छापेमारी के दौरान पुलिस के डर से भागते हुए एक युवक ने गोमती नदी में छलांग लगा दी थी जिसका क्षेत्र के जमैथा गांव स्थित गोमती नदी अखड़ो घाट पुल के सामने रविवार की रात शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान रासमंडल मोहल्ला निवासी 32 वर्षीय नितिन जायसवाल पुत्र स्वर्गीय प्रेमचंद जायसवाल के रूप में हुई। मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को क्राइम ब्रांच की टीम ने रामआसरे राय के नेतृत्व में जमैथा गांव में चल रहे जुए के अड्डे पर छापा मारा था। इस दौरान सात लोगों को गिरफ्तार किया गया जबकि कुछ युवक मौके से भाग निकले। चर्चा थी कि भागने वालों में नितिन जायसवाल भी शामिल था, जो उसी दिन से लापता था।

स्थानीय लोगों का कहना है कि नितिन पुलिस की कार्रवाई से डरकर नदी में कूद गया था। लगातार दो दिनों से पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। रविवार की देर शाम ग्रामीणों ने अखड़ो मंदिर के सामने नदी में एक शव देखा और इसकी सूचना जफराबाद पुलिस को दी। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष श्रीप्रकाश शुक्ल एवं चौकी प्रभारी राधेश्याम सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को बाहर निकलवाया। बाद में परिजनों ने पहुंचकर शव की पहचान की। मृतक की मां कलावती देवी ने शनिवार को नगर कोतवाली में पांच ज्ञात युवकों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कराया था। आरोप है कि उन्हीं युवकों ने नितिन को जुआ खेलने के बहाने बुलाया और उसके बाद से वह गायब हो गया। थानाध्यक्ष श्रीप्रकाश शुक्ल ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।


Post a Comment

0 Comments