रिपोर्ट - अजय दुबे
रामपुर /जौनपुर :-- थाना क्षेत्र के जमालापुर बाजार में उस समय हड़कंप मच गया जब एक विवाहिता की रविवार की भोर संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। बताया जा रहा है कि ससुराल पक्ष के लोग शव को दाह संस्कार के लिए ले जा रहे थे, तभी मायके पक्ष को सूचना मिली। सूचना मिलते ही मृतका के पिता मौके पर पहुंचे और सन्देह के आधार पर दाह संस्कार रुकवा दिया। उन्होंने प्रशासन से पोस्टमार्टम कराए जाने की मांग की, ताकि मौत के सही कारणों का पता चल सके। मृतका की शादी लगभग 10 वर्ष पूर्व जमालापुर बाजार निवासी धीरज गुप्ता के साथ हुई थी। मृतका का मायका भदोही जनपद के करियाव गांव में है , फिलहाल पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। चौकी प्रभारी जमालापुर सुरेश सिंह ने बताया कि रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। मामले की जांच जारी है।

0 Comments