जौनपुर:- जिले के लाइन बाजार थाना क्षेत्र के सिहीपुर रेलवे क्रासिंग के पास श्रद्धालुओं से भरी एक बस की और एक ट्रेलर ट्रक की भिड़ंत में बस सवार चार श्रद्धालुओं की मौत हो गई जबकि नौ गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस आवश्यक कार्यवाही में जुट गई है।
मिली जानकारी के अनुसार छत्तीसगढ़ से एक टूरिस्ट बस में लगभग 50 श्रद्धालु सवार होकर अयोध्या से वाराणसी जा रहें थे। बस जैसे ही सिहीपुर रेलवे क्रासिंग के पास पहुंची अचानक ट्रेलर से टकरा गई । टक्कर इतनी भीषण थी कि बस के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए। स्थानीय लोगों और पुलिस ने मिलकर घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ कुमार स्वयं मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्यों की निगरानी की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि घायलों को हर संभव चिकित्सीय सुविधा उपलब्ध कराई जाए।
फिलहाल पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर ट्रेलर व बस को कब्जे में लेते हुए घटना की जांच में जुट गई है। पुलिस का कहना है कि हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।इस हादसे से श्रद्धालुओं और उनके परिजनों में मातम पसर गया है। प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को हर संभव मदद का भरोसा दिलाया है।

0 Comments