रिपोर्ट - अबू शहमा
बहराइच :-- कैसरगंज तहसील के मंझारा तौकली के गांव में तय समय से 25 मिनट बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का उड़नखटोला पहुंचा। यहां मुख्यमंत्री ने करीब पांच मिनट तक वन्यजीव प्रभावित क्षेत्र का हवाई सर्वेक्षण किया। 2.35 बजे मुख्यमंत्री का हेलीकाप्टर मंझारा तौकली गांव के गांधी गंज मैदान में उतरा। मुख्यमंत्री सीधे वन्यजीव प्रभावितों के पास पहुंचे। भेंड़िए के हमले में जान गंवाने वाले ज्योति, संध्या, अंकेश व सोनी के परिजनों व घायल शिव रानी, श्यामवती, मदन, चंद्रिका, मनीषा, अंजली समेत 16 पीड़ितों का हालचाल लिया राहत सामग्री सौंपा। मंच पर पहुंचे मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि वन्यजीवों के हमले में शिकार हुए लोगों के परिजनों व घायल हुए लोगों के हितों के लिए डबल इंजन की सरकार सदैव कटिबद्ध हैं। सीएम ने कहा कि बाढ़ के समय घाघरा के तटवर्ती क्षेत्र में वन्यजीवों के मांद में पानी भर जाता है। ऐसे में वन्यजीव मानव आबादी में आ जाते हैं और छोटे बच्चों व कमजोर लोगों पर हमले का दुस्साहस करते हैं। डबल इंजन की सरकार ने वन्य जीव संघर्ष को आपदा के दायरे में रखकर पांच लाख की सहायता देने का प्रावधान किया है और वन्य जीवों के हमले से बचाव के लिए प्रभावी कदम उठाए हैं। घायलों के उपचार व 50 हजार की आर्थिक सहायता का भी प्रावधान किया गया है। बीते 15-20 दिनों से वन्य जीव हमले के कारण पूरे क्षेत्र में भय व दहशत का माहौल है। वन्य जीव संघर्ष पर रोकथाम के लिए 21 टास्क फोर्स बनाई गई है जिनमे रोजगार सेवक, सफाई कर्मचारी, ग्राम विकास अधिकारी, लेखपाल आदि शामिल हैं जो जन जागरण के माध्यम से वन्य जीव संघर्ष परर विराम लगाने का प्रयास कर रहे हैं। वन विभाग की छह टीमें, बिजली व पुलिस विभाग के कर्मचारियों की ओर से सतत निगरानी की जा रही है। सोलर व स्ट्रीट लाइटों को लगवाया गया है। बावजूद इसके हमने चार बच्चों को खोया है और 16 लोग घायल हुए हैं जिनके प्रति हमारी संवेदना है। मुख्यमंत्री ने वन विभाग के कर्मचारियों को हिंसक वन्यजीवों को पकड़ने, पुलिस अधिकारियों को पेट्रोलिंग तेज करने व राजस्व विभाग को पीड़ित तक सहायता पहुंचाने के निर्देश दिए। इस दौरान पर्यावरण व वन मंत्री अरुण कुमार सक्सेना, कैसरगंज सांसद कर्ण भूषण सिंह, बहराइच डा. आनंद गोंड, सदस्य विधान परिषद डा. प्रज्ञा त्रिपाठी, पद्मसेन चौधरी, जिला पंचायत अध्यक्ष मंजू सिंह, महसी विधायक सुरेश्वर सिंह, पयागपुर सुभाष त्रिपाठी, बलहा सरोज सोनकर, नानपारा राम निवास जायसवाल, ब्लॉक प्रमुख रणवीर सिंह मुन्ना, विजय सिंह रैकवार, सत्य देव सिंह, सीता राम पांडे सहित भाजपा जिला अध्यक्ष मौजूद रहे।

0 Comments