जौनपुर :-- लाइन बाजार थाना क्षेत्र के कन्धरपुर में बदमाशों ने मार्निंग वॉक पर निकले शिक्षक से छिनैती का प्रयास किया विरोध करने पर बदमाशों ने गोली मारकर कर घायल कर दिया। बदमाशों ने शिक्षक के गले से सोने की जंजीर और हाथ में सोने का कंगन छीनने का प्रयास किया। सूचना पर पहुंची पुलिस बदमाशों को पकड़ने का प्रयास कर रही है।
जिले में बदमाशों के हौसले इतने बुलंद हो गए हैं कि अब सुबह की सैर करने निकले शिक्षक भी सुरक्षित नहीं हैं। सोमवार की सुबह लाइन बाजार थाना क्षेत्र के कन्धरपुर गांव निवासी संतोष कुमार यादव, जो ऊदपुर प्राथमिक विद्यालय में प्रभारी प्रधानाध्यापक के पद पर तैनात हैं, मॉर्निंग वॉक पर निकले थे।
इसी दौरान बाइक सवार दो नकाबपोश बदमाशों ने उन्हें रोक लिया और गले में पड़ी सोने की चेन व हाथ में ब्रेसलेट छीनने की कोशिश की। संतोष कुमार यादव ने विरोध किया तो बदमाशों ने उनके बाएं पैर में गोली मार दी और फरार हो गए। गोली लगते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के ग्रामीण उन्हें तत्काल जिला चिकित्सालय लेकर पहुंचे, जहां उनका इलाज जारी है।
वहीं पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर बदमाशों की तलाश तेज कर दी है। क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।

0 Comments