सड़क बनी तलैया, प्रभु जी पार करो मेरी नैया



सुजानगंज/ जौनपुर :-- जौनपुर जिले के सुजानगंज क्षेत्र में एक ऐसी सड़क है जिस पर चलने वाला हर राही ईश्वर से यही प्रार्थना करता है कि सड़क बनी तलैया, प्रभु जी पार करो मेरी नैया। जौनपुर के विधानसभा क्षेत्र मुंगरा बादशाहपुर में सरायबिका - भिखारीपुर मार्ग की स्थिति बेहद खराब हो गई है।यह सड़क गौहानी, थलोई, खंडारी भिखारीपुर कला, मोहरियांव और गोपालपुर जैसे कई गांवों को जोड़ती है। 

सड़क पर जगह-जगह बड़े गड्ढे हैं। बारिश के मौसम में ये गड्ढे तालाब में बदल जाते हैं। इससे राहगीरों और स्कूली बच्चों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस मार्ग से हजारों विद्यार्थी रोजाना स्कूल जाते हैं। लॉर्ड बुद्धा इंटरनेशनल स्कूल, कुंवरपुर इंटर कॉलेज, जमुना देवी इंटर कॉलेज और सरस्वती इंटरमीडिएट कॉलेज ऊंच गांव के छात्र-छात्राएं इसी रास्ते से गुजरते हैं। कई बार तो बच्चों के कपड़े गंदे हो जाने के कारण उन्हें स्कूल से वापस लौटना पड़ता है।

ग्रामीणों ने हाल ही में जिलाधिकारी, सांसद और विधायक को इस समस्या से अवगत कराया है। युवा समाजसेवी पंकज दुबे, सुबेदार पटेल, मनोज उपाध्याय, मणि शंकर यादव, गोली दुबे और सतीश दुबे ने जनप्रतिनिधियों से सड़क की मरम्मत कराने की मांग की है। लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग से सांसद और विधायक भी गुजरते हैं, फिर भी सड़क की मरम्मत नहीं कराई जा रही है। आए दिन यहां स्कूल की गाड़ियां पलटने का खतरा बना रहता है।

Post a Comment

0 Comments