रघुवीर महाविद्यालय को मिला ऑटोनोमस का दर्जा, क्षेत्र में हर्ष



जौनपुर :--  विश्वविद्यालय अनुदान आयोग ने क्षेत्र के रघुवीर महाविद्यालय थलोई भिखारीपुर कला मछली शहर जौनपुर को ऑटोनोमस का दर्जा प्रदान किया है जिसकी सूचना मिलते ही क्षेत्र में हर्ष का माहौल बन गया। अब कॉलेज स्वयं के स्तर पर सिलेबस बनाकर स्टूडेंट के एग्जाम करवा सकेगा और रिजल्ट भी जारी करेगा। पूर्वांचल विश्वविद्यालय के तहत 573 कॉलेजों में रघुवीर महाविद्यालय एक मात्र कॉलेज है जिसमें यह उपलब्धि मिली है। शुक्रवार को कॉलेज परिसर में प्रेस वार्ता में प्राचार्य डॉ अवधेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि कॉलेज की स्थापना वर्ष 2009 में हुई थी। उन्होंने बताया कि कॉलेज में अब सत्रों को समय समय पर पूरा करने, अपनी स्वयं की परीक्षा आयोजित करने, समाज उपयोगी विषय को बढ़ावा देने, छात्रों की आवश्यकताओं के अनुरूप एक मजबूत पाठ्यक्रम तैयार करने के लिए स्वतंत्रता मिलेगी। छात्रों की समकालीन आवश्यकताओं के अनुरूप नए पाठ्यक्रम शुरू करने की स्वतंत्रता होगी। वर्तमान में इस संस्थान में बी ए ,बीकॉम, एम ए बीएड की कक्षाएं चलती है जबकि आने वाले समय में यहां पर बीसीए,  बीबीए, एमबीए जैसे जॉब ओरिएंटेड पाठ्यक्रम की व्यवस्था की जाएगी। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्रबंधक डॉ जयप्रकाश तिवारी ने सभी अध्यापकों को बधाई देते हुए कहा कि पूरी निष्ठा एवं लगन के साथ कोई कार्य किया जाए तो सफलता अवश्य मिलती है। आप लोगों की कड़ी मेहनत का ही परिणाम है कि वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय जौनपुर के स्ववित्तपोषित महाविद्यालयों में पहला बी प्लस प्लस नैक ग्रेड पाने वाला महाविद्यालय है। अब पूर्वांचल विश्वविद्यालय को इस विषय में केवल अधिसूचना जारी करना ही शेष रह गया है। इस अवसर पर महाविद्यालय के निदेशक डॉ विनय कुमार त्रिपाठी, डॉ सोहनलाल यादव, डॉ नागेंद्र डॉ संजू शुक्ला डॉ अभिषेक मिश्रा, डॉ रंजना मिश्रा, मोहम्मद गफ्फार, जितेंद्र सिंह, अशोक पटेल, अभिषेक तिवारी आदि प्राध्यापक उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments