बिजेथुआ महावीर धाम को नगर पंचायत का दर्जा दिलाने की उठी मांग, मंत्री को लिखा पत्र



सूरापुर/ सुलतानपुर :--

जनपद सुलतानपुर के तहसील कादीपुर अंतर्गत ऐतिहासिक एवं धार्मिक आस्था के केंद्र बिजेथुआ महावीर धाम और तवक्कलपुर नगर (सूरापुर) को नगर पंचायत का दर्जा दिलाने की मांग एक बार फिर तेज हो गई है। सूरापुर उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष विजय कुमार अग्रहरि (बीके) के नेतृत्व में नगर विकास मंत्री ए के शर्मा उत्तर प्रदेश शासन, लखनऊ को भेजे गए पत्र में कहा गया है कि इस क्षेत्र में 15,000 से अधिक आबादी निवास करती है, लेकिन आज तक यहां मूलभूत सुविधाओं का अभाव है।

तीन प्रमुख धार्मिक स्थलों का केंद्र

पत्र में उल्लेख किया गया कि बिजेथुआ महावीर धाम से प्रयागराज की दूरी 112 किलोमीटर, वाराणसी के काशी विश्वनाथ धाम की दूरी 127 किलोमीटर और पावन अयोध्या की दूरी 110 किलोमीटर है। ऐसे में यह धाम तीनों धार्मिक स्थलों के बीच एक महत्वपूर्ण केंद्र है।

व्यापार मंडल का कहना है कि नगर पंचायत का दर्जा मिलने से यहां सड़क, सफाई, पेयजल, स्ट्रीट लाइट और अन्य नागरिक सुविधाओं में अभूतपूर्व सुधार होगा। साथ ही धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा, जिससे स्थानीय व्यापार और रोज़गार के अवसर बढ़ेंगे।

इस मांग को स्थानीय विधायक राजेश गौतम कादीपुर सहित क्षेत्र के कई जनप्रतिनिधियों ने समर्थन दिया है। मंडल ने कहा कि बिजेथुआ महावीर धाम के विकास की अपार संभावनाएं हैं, और नगर पंचायत का दर्जा इस दिशा में मील का पत्थर साबित होगा।

व्यापार मंडल ने प्रदेश सरकार से इस संबंध में शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की है।

Post a Comment

0 Comments