रिश्तेदारी के लिए निकले युवक का खेत में मिला शव, जांच में जुटी पुलिस



रिपोर्ट - विजय बाजपेयी 

नानपारा/बहराइच। खैरीघाट थाना क्षेत्र के बेलामकन व चौकसाहार गांव के मध्य बाजरे के खेत में रविवार सुबह संदिग्ध परिस्थितियों युवक शव मिला। जिससे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। शव से करीब 50 मीटर दूर युवक की बाइक मिली। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर सैकड़ों लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई। शव की शिनाख्त खैरीघाट थाना क्षेत्र के मटेरा कला गांव निवासी 25 वर्षीय प्रदीप राजपूत पुत्र रामकुमार राजपूत के रूप में हुई है। घटना की जानकारी स्थानीय लोगों ने पुलिस सहित परिजनों को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर विधिक कार्यवाही शुरू कर दी। रोते बिलखते परिजन मौके पर पहुंचे। परिजनों ने बताया कि प्रदीप शुक्रवार सुबह बाइक से चौकसाहार गांव में फूफा ज्ञान राजपूत के घर के लिए निकला था। लेकिन वह फूफा के घर नहीं पहुंचा। परिजनों को जानकारी हुई तो अन्य रिश्तेदारी में काफी खोजबीन की। मृतक दो भाइयों में छोटा था। प्रभारी थानाध्यक्ष महंथ शर्मा ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। जांच गंभीरता से की जा रही है। रिपोर्ट मिलने पर विधिक कार्यवाही की जाएगी।

Post a Comment

0 Comments