जौनपुर :-- जब इंसान के अन्दर कुछ करने का जज्बा होता है तों उसे कोई रोक नहीं सकता। हौसला बुलंद एक दिव्यांग ने ऐसा सामाजिक कार्य कर दिखाया जिससे आज उसे स्वतंत्रता दिवस समारोह में शामिल होने के लिए राष्ट्रपति भवन से निमंत्रण पत्र मिला है।
जिले के मुंगरा बादशाहपुर थाना क्षेत्र स्थित रामपुर गांव निवासी सामाजिक कार्यकर्ता शुभलाल सरोज (जो स्वयं दिव्यांग हैं) ने दिव्यांग जनों की समस्याओं को गंभीरता से लिया और उनके समाधान के लिए लगातार भारत सरकार को अपने सुझाव भेजते रहे। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम को प्रेरणा बनाकर दिव्यांग नीति में बदलाव की दिशा में निरंतर प्रयास किए।
उनके प्रयासों से ‘बौनेपन’ (Dwarfism) को आधिकारिक रूप से दिव्यांग श्रेणी में शामिल किया गया, जिससे संबंधित व्यक्तियों को सरकारी योजनाओं और सुविधाओं का लाभ मिलना शुरू हो गया। इसके अलावा उन्होंने दिव्यांग जनों के लिए अन्य कल्याणकारी योजनाओं में भी समावेश सुनिश्चित कराने में अहम भूमिका निभाई।
शुभलाल के समर्पण और प्रयासों को राष्ट्रपति सचिवालय द्वारा संज्ञान में लिया गया, और उनकी गतिविधियों पर निगरानी के बाद उन्हें 15 अगस्त को नई दिल्ली में आयोजित होने वाले स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम में बतौर विशेष अतिथि आमंत्रित किया गया है। इस उपलब्धि पर शुभलाल और उनके परिवार में खुशी का माहौल है।

0 Comments