बक्शा /जौनपुर :-- मनुष्य के शरीर में आत्मा होती है और आत्मा में परमात्मा का वास होता है इसलिए मनुष्य का शरीर भगवान का मन्दिर है मनुष्य शरीर रूपी हरि मन्दिर में शराब और मांस जैसी गन्दी चीज डालकर इसे अपवित्र न बनाएं। शराब और मांसाहार का त्याग करें। उक्त बातें बक्शा ब्लाक के मां काली मन्दिर बड़ी बाग सुजियामऊ आयोजित सत्संग सभा को सम्बोधित करते हुए जयगुरुदेव धर्म प्रचारक संस्था मथुरा के राष्ट्रीय अध्यक्ष सन्त पंकज जी महाराज ने कहा।
122 दिवसीय जनजागरण यात्रा की सत्संग सभा को सम्बोधित करते हुए कहा सारी आत्माएं प्रभु के देश से आ रही देववाणी, आकाशवाणी पर उतार कर मानव शरीर में लाई गईं। पैदा होने के बाद उस शब्द ‘नाम’ से उसका सम्बन्ध टूट गया। उसे अब यह बोध नहीं रहा कि वह कहां से आई और मृत्यु के बाद कहां जायेगी? कर्मों के बन्धन में फंस कर वह विभिन्न योनियों में भटका खा रही है तथा नर्कों चौरासी की यातनाएं झेल रही है। अबकी बार जन्म जन्मान्तरों के पुण्य से यह मानव तन मिल गया है। अब इसको व्यर्थ में जाने न देें। प्रभु की जीते जी प्राप्ति करने वाले सन्त सत्गुरु की तलाश करें। वह जो भजन का प्रसाद दें उसे लेकर जीवन सफल बनायें। इसी प्रयोजन से दयालु प्रभु ने अपने अजर-अमर देश से सन्तों को धराधाम पर भेजा। उन्होंने यहां आकर अपना परिचय देते हुए बताया ‘‘हम आये वहि देश से, जहां तुम्हारा धाम। तुमको घर पहुंचाना एक हमारा काम।।’’
उन्होंने कहा दुनिया के लोग संसार की विद्या को पढ़कर अहंकार में डूब जाते हैं कि उनके जैसा कोई नहीं लेकिन उन्हें यह ज्ञान नहीं दुनिया का ज्ञान जहां समाप्त हो जाता है उसकी चोंटी से आध्यात्मिक ज्ञान प्रारम्भ होता है। आप जब बताई विधि से सुरत शब्द नाम योग की साधना करेंगे तो आप की आत्मा प्रभु के देश से आ रही आकाशवाणी को पकड़ कर शरीर से बाहर होकर ऊपरी मण्डलों में चली जायेगी जैसे चिड़ियां अपने घोसलें से निकल कर आसमानों का सफर करके अपने घोंसले में वापस आ जाती है। इस परमात्मा के बनाये मनुष्य मन्दिर में जो लोग मांस के लोथड़े डालते हैं, शराब आदि के कतरे डालते हैं इसकी कठोर सजा मिलेगी। मांसाहार छोड़ कर शाकाहारी बनना, नशों को त्यागना, चरित्र उत्थान समय की मांग है।
संस्थाध्यक्ष ने कहा अच्छा समाज, राम राज्य तब आयेगा जब आदमी-आदमी से प्रेम करने लगेगा, निःस्वार्थ भाव से एक-दूसरे की सेवा करने लगेगा, सबमें प्रेम, सत्य, दया, करुणा, उदारता, परोपकार के गुण पैदा हो जायेंगे। युग महापुरुष बाबा जयगुरुदेव जी ने भविष्य में सतयुग आने की बात कह रखी है। अच्छा समाज बनाने में आप सभी सहयोग करें।
इस अवसर पर ऋषिदेव श्रीवास्तव, अरुण कुमार वर्मा, महेन्द्र कुमार बिन्द, रतनलाल प्रजापति, राजबहादुर शर्मा, रामचन्द्र यादव, मनोज यादव प्रधान, राम सहाय ‘‘गब्बर’’ प्रधान, मास्टर कमलेश यादव, डा. राममूर्ति चौहान, सहयोगी संगत हरदोई के संदीप कुमार, मलिखेराम आदि मौजूद रहे। शांति व्यवस्था में पुलिस प्रशासन ने सहयोग किया। कार्यक्रम के बाद धर्म यात्रा अगले पड़ाव सराय त्रिलोकी उमरी वि.ख. बक्शा के लिये प्रस्थान कर गई। यहां कल दोपहर 12.00 बजे से सत्संग समारोह आयोजित है।

0 Comments