मुकदमे में एफआर लगाने के लिए मांग रहा था पैसे, हुआ निलंबित, मुकदमा दर्ज कर भेजा गया जेल
प्रतापगढ़/उत्तर प्रदेश :-- प्रतापगढ़ जिले में तैनात एक उप निरीक्षक को मुकदमे में एफआर लगाने के लिए पैसे मांगना उस समय भारी पड़ गया जब पुलिस अधीक्षक ने भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जेल भेज दिया।
मिली जानकारी के अनुसार शिकायतकर्ता द्वारा पुलिस अधीक्षक प्रतापगढ़ को यह अवगत कराया गया कि विवेचक उपनिरीक्षक द्वारा मुकदमे से नाम निकलवाने के लिए धनराशि की मांग की जा रही है, जिसका ऑडियो/वीडियो साक्ष्य संज्ञान में आया। प्रकरण की गंभीरता को दृष्टिगत रखते हुए पुलिस अधीक्षक द्वारा जांच क्षेत्राधिकारी सदर को सौंपी गई। जांचोपरांत आरोप सिद्ध पाए जाने पर उपनिरीक्षक जितेन्द्र सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित करते हुए विभागीय कार्यवाही प्रारंभ की गई तथा शिकायतकर्ता की तहरीर के आधार पर थाना महेशगंज में अभियोग पंजीकृत कर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया है।
बताते हैं कि शिकायतकर्ता रिंकू पुष्पाकर पुत्र स्व. गंगा पुष्पाकर निवासी ग्राम बदगवा, थाना महेशगंज, जनपद प्रतापगढ़ के विरुद्ध थाना महेशगंज में मु0अ0सं0 101/2025 धारा 191(2)/352/351(3)/324(2) बीएनएस का अभियोग पंजीकृत था । जिसकी विवेचना उपनिरीक्षक जितेन्द्र सिंह द्वारा की जा रही थी । जिनके द्वारा शिकायतकर्ता से मुकदमें में नाम निकलवाने के लिए पैसे मांगने का आडियो/वीडियो संज्ञान में आया था । जिसकी जांच क्षेत्राधिकारी सदर द्वारा की जा रही थी । जांचोपरांत उ0नि0 जितेन्द्र सिंह को निलंबित कर विभागीय कार्यवाही आसन्न की गई थी । जांचोपरांत शिकायतकर्ता की तहरीर के आधार पर थाना महेशगंज में मु0अ0सं0 149/2025 धारा 7 भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया था ।

0 Comments