भवानीपुर, सुलतानपुर। सावन मास के प्रथम सोमवार को पंचमुखेश्वर महादेव मंदिर में भारी संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर जलाभिषेक किया। सुबह तड़के से ही मंदिर परिसर में हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो गया। श्रद्धालुओं ने बेलपत्र, धतूरा, पुष्प और गंगाजल से भगवान शिव का अभिषेक कर सुख-समृद्धि की कामना की। मंदिर को भव्य रूप से सजाया गया था, वहीं स्थानीय समिति द्वारा सुरक्षा, स्वास्थ्य और जल की व्यवस्था सुनिश्चित की गई थी।
पूरे दिन मंदिर में दर्शन-पूजन का सिलसिला चलता रहा। कथा, भजन-कीर्तन और प्रसाद वितरण का आयोजन भी हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में महिला और पुरुष श्रद्धालुओं ने भाग लिया। मंदिर प्रबंधन के अनुसार, सावन के प्रत्येक सोमवार को इसी तरह विशेष आयोजन किए जाएंगे।
स्थानीय लोगों ने बताया कि पंचमुखेश्वर महादेव मंदिर में सावन के अवसर पर क्षेत्रभर से हजारों की संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। इस अवसर पर पुलिस प्रशासन की ओर से भी पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था की गई थी।

0 Comments