सुजानगंज/जौनपुर :- भ्रष्टाचार और विकास का नारा देकर बहुमत की सरकार बनाने वाली भाजपा ने सुजानगंज क्षेत्र में अपना वादा पूरा करके दिखाया है जहां एक सड़क पर विकास पैदा हुआ और विकास पैदा करने के जिम्मेदार लोगों ने सगुन के रूप में 26.43 लाख रुपए कागजों पर खर्च कर दिए। मामले का खुलासा होते ही क्षेत्रीय जनता के पैरों तले जमीन खिसक गई। गुस्साएं ग्रामीण सम्बंधित घोटालेबाजों पर कार्यवाही होने तक अनशन पर बैठ गए हैं ।
जी हां हम बात कर रहे हैं सुजानगंज क्षेत्र के शिवरिहा गांव की उस सड़क की जिस पर लोक निर्माण विभाग और ठेकेदार ने मिलकर कागज पर ही 26.43 लाख की सड़क बना डाली। खुलासा तब हुआ जब ग्रामीण इस जर्जर सड़क की शिकायत करने मुंगराबादशाहपुर विधायक पंकज पटेल के यहां पहुंचे। विधायक ने सड़क मरम्मत के लिए धनराशि जारी होने की बात कहते हुए मंगलवार को स्वयं सड़क का निरीक्षण करने पहुंच गए। जिम्मेदार अधिकारियों से बात करने पर पता चला कि सड़क मरम्मत की धनराशि का भुगतान हों गया है। विधायक ने इस भ्रष्टाचार को लेकर भाजपा सरकार पर जमकर कटाक्ष किया और कहा कि वर्षों से विकास की राह देखने के बाद आखिरकार सुजानगंज की इस सड़क पर विकास पैदा हो गया और सम्बंधित लोगों ने विकास के होने पर 46.43 लाख खर्च कर दिए हैं।
इस घोटाले की सूचना मिलते ही गुस्साए ग्रामीण इस भ्रष्टाचार में सम्मिलित लोगों के खिलाफ कार्रवाई होने तक अनिश्चितकालीन अनशन पर बैठ गए हैं। ग्रामीणों ने कहा कि जब तक अधिकारियों और ठेकेदार के ऊपर कार्रवाई नहीं होगी और इस सड़क के निर्माण का आश्वासन सक्षम अधिकारियों द्वारा नहीं मिल जाता तब तक हम लोग धरने से नहीं उठेंगे। इसमें सौरभ यादव, रिंकू यादव, दीपक मिश्र, मल्कू यादव, रविन्द्र यादव, सौरभ मिश्र आदि हैं।

0 Comments