✍️ श्री अवध डाट काम पर खबरों के लिए संपर्क करें 9839627223
सुल्तानपुर:-- उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर जिले के एक मैरिज लॉन से उचक्का दूल्हे के भाई के हाथ से रूपए से भरा बैग छीनकर फरार हो गया। बैग में लगभग एक लाख का कैश रखा था। पूरा घटनाक्रम लॉन में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुआ है। सूचना मिलने के बाद पुलिस आरोपी की पहचान की कोशिश कर रही है।
मिली जानकारी के अनुसार ग्राम कुतुबपुर में रहने वाले नीरज पांडे अपने भाई की बारात लेकर कोतवाली देहात के उत्तरी गेट स्थित मैरिज लॉन आए थे। बाराती दावत खा रहे थे और वधू पक्ष द्वार पूजा में व्यस्त था। इस दौरान नीरज मैरिज लॉन के गेट पर आए तभी एक उचक्का उनके हाथ से बैग छीनकर प्रयागराज हाईवे की तरफ भाग गया। नीरज शोर मचाते उसके पीछे भागा लेकिन उचक्का सबको चकमा देकर फरार हो गया।
उचक्का घटना को अंजाम देकर भाग गया लेकिन उसकी हरकत लॉन के लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। इसकी फुटेज भी सोशल मीडिया पर वायरल हुई है। फिलहाल नीरज ने कोतवाली की प्रतापगंज चौकी जाकर घटना की सूचना दी है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उचक्के तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। बता दें कि क्षेत्र में इससे पहले भी ऐसी वारदातें हुईं है जिससे किसी गिरोह के सक्रिय होने की आशंका व्यक्त की जा रही है।

0 Comments