पूरे राष्ट्रीय सम्मान के साथ निकली सैनिक की शव यात्रा, भींगी पलकों के साथ लोगों ने की विदाई

 ✍️ श्री अवध डाट काम पर खबरों के लिए संपर्क करें 9839627223


सिकरारा/जौनपुर। स्थानीय क्षेत्र के इटहवा निवासी सेना के जवान सौरभ यादव की रविवार को अरुणाचल प्रदेश में हृदयाघात से मृत्यु हो गई थी जिनका पार्थिव शरीर बुधवार को अरुणाचल प्रदेश से सेना के जवान हवाई जहाज से बाबतपुर एयरपोर्ट ले आए जहां से एम्बुलेंस वाहन से पार्थिव शरीर उनके पैतृक गांव लाया गया। फौजी का पार्थिव शरीर गांव में पहुंचते ही भारी संख्या में महिला व पुरुष अंतिम दर्शन को उमड़ पड़ें। भींगी पलकों के साथ अंतिम विदाई देते हुए "जब तक सूरज चांद रहेगा सौरभ तेरा नाम रहेगा" और भारत माता के जयकारे से समूचा क्षेत्र गूंजायमान हो गया।

बताते हैं कि उक्त गांव के किसान लाल बहादुर यादव के छोटे पुत्र सौरभ यादव अरुणाचल प्रदेश में सेना में तैनात था। जहां रविवार को परेड के बाद अचानक हृदयाघात से उनकी मौत हो गई थी। सेना के अधिकारियों की देख—रेख में उनका शव फ्लाइट से मंगलवार शाम को वाराणसी के बाबतपुर एयरपोर्ट लाया गया जहां से बुधवार सुबह साढ़े 10 बजे एम्बुलेंस से पैतृक गांव इटहवा लाया गया । सेना के जवानों के साथ ही जिले के सेवानिवृत्त सेना संगठन के फौजियों व प्रशासन की तरफ से एसडीएम सदर सतबीर सिंह, सीओ सदर ने शहीद सौरभ यादव के पार्थिव शरीर पर माल्यार्पण करके भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।जौनपुर के सपा सांसद बाबूराम कुशवाहा, पूर्व सांसद धनंजय सिंह, मल्हनी विधायक लकी यादव, मछली शहर विधायक डा. रागिनी सोनकर, सपा के पूर्व जिलाध्यक्ष लाल बहादुर यादव, पूर्व चेयरमैन राज बहादुर यादव, जिला पंचायत सदस्य नन्हकू यादव सहित तमाम लोगों ने भी शहीद फौजी को श्रद्धासुमन अर्पित किया।

Post a Comment

0 Comments